
गौरव राज पुरोहित
हरियाणा के झज्जर जिले के डीघल गांव में 26 वर्षीय फाइनेंसर साहिल अहलावत की हत्या का मामला अब और पेचीदा हो गया, शुरुआत में पुलिस इसे गांव के अंदरूनी विवाद और रंजिश से जोड़कर देख रही थी, लेकिन अब कुख्यात रोहित गोदारा गैंग की एंट्री ने जांच की दिशा बदल दी है. सोशल मीडिया पोस्ट में रोहित गोदारा गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. पोस्ट में लिखा कि साहिल को करीब 6 महीने पहले बहुत समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसने बात नहीं मानी रोहित गोदारा गैंग का आरोप है कि साहिल लोगों से जबरन 10 से 20 प्रतिशत तक ब्याज वसूलता था. इसी वजह से उसे रास्ते से हटाया गया. साथ ही पोस्ट में अन्य फाइनेंसरों और सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों को भी चेतावनी दी गई है कि अवैध वसूली बंद कर दें. वहीं, इस पूरे मामले में मृतक के पिता नरसिंह उर्फ कुकू ने रोहित गोदारा गैंग के दावे को खारिज करते हुए अलग कहानी सामने रखी है. उनका कहना है कि उनके बेटे की हत्या गांव के ही एक परिवार ने सुपारी देकर करवाई है. उन्होंने अपने ही चचेरे भाई पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है.
पिता के मुताबिक, करीब 5 महीने पहले ही साहिल को जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी. इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब पुलिस के सामने इस केस में दो बड़े एंगल हैं, एक गैंगस्टर कनेक्शन और दूसरा पारिवारिक और गांव की रंजिश. पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गैंग का दावा कितना सही है. फिलहाल, इस हत्याकांड में सच्चाई क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा, लेकिन गांव में तनाव और डर का माहौल जरूर बना हुआ है.
