
फतह सिंह उजाला
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
गुरुग्राम। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर, महिला प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने हरियाणा में कांग्रेस द्वारा राज्यसभा की एक सीट जीतने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की सक्रियता की जीत है। इस सक्रियता ने भाजपा को वोट चोरी के मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया। यहां जिला कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं से नाचकर खुशी मनाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर स्तर पर मजबूत है और एकजुट है। उन्होंने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद चुने गए कर्मवीर बौद्ध को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
भाजपा ने सिर्फ अपना ही विकास किया
महिला प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि भाजपा के पास 11 साल के शासन के बाद भी अपनी उपलब्धियां गिनाने को कुछ भी नहीं है। भाजपा अपनी बैठकों से लेकर सार्वजनिक मंचों से कांग्रेस को ही कोसती नजर आती है। इससे साफ है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश का विकास ना करके सिर्फ अपना विकास किया है। जनता के लिए मूलभूत सुविधाएं ना देकर अपने कमल नाम से इमारतें खड़ी की हैं। इनका कार्यालय तय समय से पहले बनकर तैयार हो जाता है, लेकिन गुरुग्राम शहर का बस अड्डा, सिविल अस्पताल के निर्माण में एक ईंट तक नहीं लगाई जाती।
कांग्रेस प्रत्याशी को हराने के लिए हथकंडे अपनाए
पंकज डावर ने कहा कि भाजपा ने राज्यसभा के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को हराने के लिए हर हथकंडे अपनाए हैं। अंदरखाने निर्दलीय प्रत्याशी को भी भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा, ताकि कांग्रेस के प्रत्याशी को टक्कर दी जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह भी एक तरह से वोट चोरी का प्रयास रहा, जिसमें वह कामयाब नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब यह समझ आ जाना चाहिए कि कांग्रेस उसके मुकाबले काफी मजबूत है। विधानसभा चुनाव में वोट चोरी करके सरकार बनाने वाली भाजपा के दिन अब लद गए हैं। इस मौके पर मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा, सीमा हुड्डा कटारिया, मुकेश पवन चौधरी, सूबे सिंह यादव एडवोकेट, हरकेश प्रधान, अरविंद उल्लावास, करन लोहिया, भोले गुज्जर, एससी सैल के अध्यक्ष राजकुमार, मुकेश डागर कोच, दीपक सोनी, सुशील सहरावत, नरेश वशिष्ठ, मास्टर महेंद्र सेन, विकास हुड्डा, विजय चौधरी, मनोज आहूजा, रविंद्र तंवर, कार्तिक गहलोत, छोटे लाल प्रधान, रमाकांत शर्मा, अमन प्रजापति, लोकेश कौशिक, अमित बोहत, राजकुमार कन्हई, महावीर कन्हई, ललित, शमीम खान, जयभगवान, सौरभ कुमार समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
