
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
असंध, (डॉ.हिमांशु छाबड़ा) वेबिनार और कलमकार समूह के तत्वावधान में ‘नारी स्वतंत्रता की अवधारणा : एक चिंतन’ विषय पर राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित किया गया जिसमें देश के प्रबुद्ध विचारकों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन असंध के प्रतिष्ठित साहित्यकार भारत भूषण वर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि वेबिनार की 15वीं श्रृंखला के अंतर्गत ‘नारी स्वतंत्रता की अवधारणा’ पर परिचर्चा की गई । उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षा के प्रभाव से नारी स्वतंत्रता को नई दिशा प्राप्त हुई है । राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की भूमिका निरंतर बढ़ती जा रही है। प्रत्येक क्षेत्र में उनका वर्चस्व बढ़ रहा है । वैदिक युगीन समाज में गार्गी, मैत्रेयी, अनसूया, लोपामुद्रा जैसी महिलाओं के समान आज की नारी निरंतर प्रगतिशील हो रही हैं। इसी कड़ी में दिल्ली से प्रो. कुलविंद्र सिंह ने सृष्टि के आरंभ से अंत और संस्कार से संसार सहित 20 बिंदुओं पर महिलाओं की सर्वोच्चता को सिद्ध किया । दिल्ली से मधु शर्मा ने महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर विशद विवेचन प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना ही चाहिए । इसी कड़ी में नोएडा से कमलेश गुप्ता ने कहां के नारी को स्वतंत्र होना चाहिए लेकिन स्वच्छंद नहीं । मर्यादित व्यवहार ही नारी को सर्वोच्चता प्रदान करता है । दिल्ली से पूनम भटनागर ने शिक्षिका के रूप में नारी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया । अमृतसर से प्रो. नीलम प्रभा देवगन ने बताया कि आज की नारी को आत्म मंथन अवश्य करना चाहिए और अपने अंतर्मन में सुसंस्कारों को स्थापित करना चाहिए ताकि दिशाहीनता से बचा जा सके । नोएडा से मुकेश भटनागर मे समीक्षात्मक रूप से सामाजिक एवं राजनैतिक दृष्टि से नारी-विकास के सोपानों पर प्रकाश डाला । अंत में संयोजक भारत भूषण वर्मा ने सभी के धन्यवाद से कार्यक्रम का समापन किया ।
