
13 जम्मू-कश्मीर रायफल्स।
कारगिल युद्ध के महान नायक कैप्टन विक्रम बत्रा के बलिदान का बदला लेने वाले वीर चक्र विजेता कैप्टन रघुनाथ सिंह के शौर्य को आखिर कौन भूल सकता है ? इस नायक को दुश्मनों के सीनें पर संगीन गाड़ कर बर्फ़ीली चोटी पर तिरंगा लहराने का गौरव हासिल है ! इससे पहले भी इन्होंने 12 पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतारा था!
पठानकोट के गांव घरोटा के निवासी वीर चक्र विजेता कैप्टन रघुनाथ सिंह के दिलों-दिमाग में आज भी कारगिल युद्ध से जुड़ी सभी यादें ताजा हैं! कैप्टन रघुनाथ सिंह बताते हैं कि केवल 18 महीने की नौकरी के उपरांत ही कैप्टन विक्रम बत्रा को कारगिल जाना पड़ा था ! वह स्वयं भी सूबेदार के रूप में उनके साथ थे 22 जून 1999 को द्रास सेक्टर की प्वाइंट 5140 चोटी पर दुश्मनों का कब्जा था! इसके बाद कैप्टन विक्रम बत्रा ने अपने साहस का परिचय देते हुए 10 पाकिस्तानी सैनिकों को मार कर उस चोटी पर तिरंगा झंडा लहराया था! इसके पश्चात उन्होंने अपने कमांडिंग अफसर को फोन पर कहा कि “सर” ये दिल मांगे मोर ! और अब आप मुझे दूसरे पड़ाव को पार करने का आदेश दें! इसके साथ ही कैप्टन बत्रा का यह दिल मांगे मोर का जयघोष आज भी देश में चर्चित है!
कैप्टन बत्रा अपने एक जूनियर अधिकारी को बचाने में शहीद हो गए थे!
7 जुलाई, 1999 को कैप्टन रघुनाथ सिंह और कैप्टन विक्रम बत्रा को मुश्कोह घाटी की प्वाइंट 4875 की चोटी को दुश्मनों से आज़ाद कराने का कार्य सौंपा गया था! ऊंचाई पर कब्ज़ा जमाए बैठे पाकिस्तानी दुश्मनों को निशाना बनाना बेहद मुश्किल हो रहा था! परंतु विक्रम बत्रा ने हार नहीं मानी, और अपनी सूझ-बुझ से ना केवल पाकिस्तानी दुश्मनों को मौत के घाट उतारा, बल्कि इस दुर्गम चोटी को आज़ाद भी करवा लिया! इसके साथ ही यह मिशन भी पूरा हुआ तभी उनकी नज़र अपने एक जूनियर साथी लेफ्टिनेंट नवीन पर पड़ी, जिनका पांव दुश्मनों द्वारा फेंके गए ग्रेनेड से बुरी तरह जख्मी हो गया था!
कैप्टन बत्रा अपने साथी को कंधे पर उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे थे परंतु तभी पाकिस्तानी सेना ने बहुत करीबी से उनके ऊपर हमला कर दिया! एक गोली उनके सीने से आरपार हो गई ! कैप्टन बत्रा खून से लथपथ होने के बावजूद भी लेफ्टिनेंट नवीन को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया! उसके बाद अपनी राइफल से पाकिस्तानी सेना के पांच सैनिकों को मार गिराया! इसके बाद ही भारत माता का यह वीर सपूत धरती माँ की गोद में सदा के लिए सो गया!
कैप्टन रघुनाथ ने लिया था कैप्टन बत्रा के बलिदान का बदला !
इस कहानी को बताते हुए कैप्टन रघुनाथ सिंह की आँखें आज भी नम हो जाती है, और वे भरे गले से कहते हैं कि वीरता की ऐसी मिसाल कोई दूसरी मिल ही नहीं सकती! किसी दूसरे के लिए खुद की जान की बाजी लगाने वाले महान नायक विरले ही होते हैं ! कैप्टन बत्रा को भारतीय सेना में प्रवेश से पहले लाखों रुपये के पैकेज की नौकरी मिली थी, परंतु उन्होंने इसे अस्वीकार कर भारतीय सेना को चुना।
कैप्टन बत्रा के बलिदान के बाद कैप्टन रघुनाथ सिंह ने अपनी टोली की कमान संभाली! इस दौरान उन्होंने पाक सेना के ग्रुप कमांडर इम्तियाज़ खां समेत 12 पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतारा! चोटी पर विजय पाकर बर्फ़ीली चोटी पर तिरंगा लहरा कर कैप्टन बत्रा के बलिदान का बदला लिया! इस वीरता के लिए रघुनाथ सिंह को तत्कालीन राष्ट्रपति ने वीर चक्र से सम्मानित किया।

सूबेदार मेजर आर एस शेखावत ( सेना शिक्षा कोर )
संस्थापक सूबेदार मेजर आर एस शेखावत
