लोकतंत्र की चौथी सबसे मजबूत मानी जाने वाली शक्ति — मीडिया — जब अपनी भूमिका से भटक कर सत्ता का पालतू बन जाए, तब वह भूख से मरते किसान, बेरोज़गार नौजवान, गैस सिलेंडर ढोती मां और बदहाल स्कूल में पढ़ता बच्चा — सबके पेट पर लात मारने के बराबर अपराध करता है।
कुत्ता स्वाभाविक रूप से चौकसी का प्रतीक है। वह भौंकता है, चेतावनी देता है, अपने मालिक को खतरों से आगाह करता है। लेकिन अगर वही कुत्ता दरबारी बन जाए — हर आवाज़ पर पूंछ हिलाने लगे, हर झूठ को चाटने लगे और हर अन्याय पर चुप्पी साध ले — तो वह अब रक्षक नहीं, एक पालतू तमाशा बन जाता है। भारतीय मीडिया की आज यही त्रासदी है।
पत्रकारिता या प्रॉपेगैंडा?
आज के न्यूज़ रूम्स में जो हो रहा है, वह पत्रकारिता नहीं, सत्ता का रटे-रटाए एजेंडा दोहराने का अभ्यास है।
- रिपोर्टर अब प्रश्न नहीं पूछते, प्रवक्ता की तरह “बाइट” देते हैं।
- स्टूडियो अब जनप्रतिनिधियों से जवाब नहीं मांगते, बल्कि विपक्ष को घेरने की अखाड़ा बन चुके हैं।
- TRP के नाम पर भूत, जानवर, जुनून और झूठ दिखाए जा रहे हैं।
- और जो सवाल पूछता है, उसे या तो देशद्रोही कहा जाता है, या बेरोजगार बना दिया जाता है।
लोकतंत्र का भूखा पेट:
जब मीडिया सत्ता के तलवे चाटता है, तो जनता भूखी मरती है — सूचनाओं की भूख से।
- उसे पता नहीं चलता कि उसकी जमीन किस अडानी-अंबानी को दी जा रही है।
- उसे यह खबर नहीं मिलती कि अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से बच्चे मर रहे हैं।
- उसे यह नहीं बताया जाता कि चुनाव आयोग में क्या छेड़छाड़ हो रही है।
- और जब ट्रेन पटरी से उतरती है, या जहाज़ क्रैश होता है — तो कैमरा सीधे प्रधानमंत्री की फोटो पर जाकर टिक जाता है।
संवैधानिक उत्तरदायित्व की हत्या:
भारतीय संविधान मीडिया को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है — अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत। पर यह स्वतंत्रता न सिर्फ सरकार की आलोचना करने का अधिकार देती है, बल्कि यह भी कहती है कि मीडिया का पहला धर्म — सत्य का पक्ष लेना है। लेकिन आज तो सत्य वही होता है जो सत्ता कहे, और झूठ वही जो विपक्ष बोले।
मीडिया का दरबारी करण: एक राजनीतिक हथियार
सत्ता को पता है कि अगर मीडिया बिक गया, तो जनता सवाल पूछना छोड़ देगी। इसलिए मीडिया घरानों को कॉरपोरेट विज्ञापन, कर राहत, जमीन, लाइसेंस, चैनल परमिशन — हर चीज से लालच दिया जा रहा है। जो नहीं बिके, उन्हें ईडी, सीबीआई, आईटी से कुचल दिया गया।
और परिणाम?
- पत्रकार सड़क पर लाठियां खा रहे हैं,
- RTI एक्टिविस्ट मारे जा रहे हैं,
- सोशल मीडिया पर सच्ची बात कहने वाले जेल भेजे जा रहे हैं।
? सवाल पूछिए — नहीं तो भूखे रहिए:
लोकतंत्र सिर्फ वोट देने से नहीं चलता। वह इस पर भी निर्भर करता है कि आप सत्ता से सवाल पूछते हैं या नहीं। अगर मीडिया को आपने पालतू बनने दिया, तो कल जब आपकी पेंशन गायब होगी, राशन में घोटाला होगा, बच्चे की नौकरी चली जाएगी — तब कोई पत्रकार आपके गांव नहीं आएगा। क्योंकि वह तो टीवी स्टूडियो में बैठे दरबार में व्यस्त रहेगा — राजा की वंदना में।
✍️ अंतिम बात: मीडिया की भूमिका तय कीजिए
अब समय आ गया है जब जनता को तय करना होगा कि उसे एक भौंकता हुआ, सच बोलने वाला, सत्ता से डरता न हो — ऐसा मीडिया चाहिए, या फिर एक ऐसा मीडिया — जो पूंछ हिलाता रहे और कहे — “सब चंगा सी”।
अगर लोकतंत्र को जिंदा रखना है, तो मीडिया को न चौथा खंभा, बल्कि पहला प्रहरी बनाइए।
वरना याद रखिए — “जब मीडिया दरबारी बनता है, तो लोकतंत्र भूखा मरता है।”

मीनू धमीजा स्वतंत्र पत्रकार
