
गौरव राजपुरोहित
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपों में घिरी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. ज्योति ने साल 2024 में हरियाणा के हिसार से मध्यप्रदेश के उज्जैन तक ट्रेन और इंदौर से दिल्ली तक बस यात्रा की थी. इस दौरान उसने पूरे सफर का वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था. ज्योति द्वारा शेयर किए गए वीडियो में उज्जैन के प्रसिद्ध भगवान शिव के महाकालेश्वर मंदिर की झलक भी शामिल है. इसमें मंदिर का मुख्य द्वार और गर्भगृह दिखता है. हालांकि वीडियो में वह खुद मंदिर के अंदर नहीं दिख रही हैं. वीडियो की अवधि लगभग 30 से 31 मिनट है. ज्योति उज्जैन स्टेशन पर ट्रेन से उतरती और अपने यात्रा अनुभव साझा करती दिखती है. इस वीडियो के सामने आने के बाद अब महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ज्योति उज्जैन क्यों आई थी और उसने मंदिर के वीडियो क्यों बनाए. ज्योति पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध रखने और जासूसी करने का आरोप है. महाकाल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गगन बादल ने बताया कि पांच सदस्यीय कि एक एसआईटी टीम गठित कि गई है, एसआईटी ज्योति से पूछताछ के लिए हरियाणा रवाना हो चुकी है. एसआईटी टीम कई बिंदुओं पर जांच करेगी। उधर, ज्योति का इंस्टाग्राम अकाउंट भी सस्पेंड कर दिया गया है.
