
डिम्पल अरोड़ा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालांवाली : प्रदेश के डिपू होल्डरों की उचित मांगों व समस्याओं तथा पीडीएस एक्ट 2022 (डिपू होल्डर के लिए काला कानून) के एतराज़ योग्य बिन्दूओं को लेकर आल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की घरौंदा ईकाई से प्रतिनिधिमंडल पदाधिकारियों व घरौंदा के स्थानीय डिपू होल्डरों को साथ लेकर माननीय विधानसभाअध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण जी से मिला यह जानकारी देते हुए आल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के मिडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी ने बताया कि नये पीडीएस एक्ट 2022 को लेकर प्रदेश भर के डिपू होल्डरों में आक्रोश व असंतोष व्यक्त है क्योंकि इस पीडीएस एक्ट 2022 (डिपू होल्डरों की भाषा में काला कानून) में डिपू होल्डरों के कार्य करने की आयुसीमा 60 वर्ष निर्धारित कर दी है जबकि डिपू होल्डर एक लाईसेंसी दुकानदार है ना कि कर्मचारी। भारतवर्ष में कहीं भी किसी भी राज्य में डिपू होल्डर की आयुसीमा निर्धारित नहीं है। इस एक्ट के लागू होते ही प्रदेश की आधे से ज्यादा सीनियर डिपू होल्डर बेरोजगार हो जाएंगे जिन्होंने सारी उम्र डिपू का काम किया है अब सड़क पर आ जाएंगे। इसके अतिरिक्त इस पीडीएस एक्ट 2022 में 300 राशनकार्ड पर नये डिपू अलाट करने का प्रावधान है जिससे डिपू होल्डरों की मासिक आय मात्र पांच-छः हजार ही रह जाएगी क्योंकि डिपू होल्डर को खाद्यान्न वितरण पर कमीशन ही मिलता है ना कि कोई निश्चित आय मिलती है। अतः इन एतराज़ योग्य बिन्दूओं को लेकर डिपू होल्डर पिछले काफी समय से हड़तालें, रोष-प्रदर्शन, धरने आदि करके अपना रोजगार बचाने में लगे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि डिपू होल्डरों की इस उचित मांग को लेकर माननीय उच्च न्यायालय में याचिका भी विचाराधीन है। समय-समय पर सत्ता व विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर भी डिपू होल्डरों ने अपनी समस्याओं से अवगत करवाया है। आज इसी कड़ी में घरौंदा से विधायक माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण जी को भी घरौंदा के स्थानीय डिपू होल्डरों व एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने लिखित में ज्ञापन सौंपकर डिपू होल्डरों का रोजगार बचाने की गुहार लगाई जिसपर माननीय अध्यक्ष महोदय जी ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आश्वासन दिया कि प्रदेश के डिपू होल्डरों की इन दोनों समस्याओं को सरकार के ध्यानार्थ लाकर समाधान करवाया जाएगा।
