
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल (कृष्ण प्रजापति): हरियाणा और पंजाब के दिव्यांगजनों का जीवन सुखमय बनाने की सोच से नारायण सेवा संस्थान,उदयपुर द्वारा कैथल में दया गुप्ता मानव मंदिर का लोकार्पण रविवार को मुख्य अतिथि उद्योगपति त्रिलोकीनाथ गोयल और नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल व भूमि दानी डॉ दया गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
इस मौके पर प्रमुख सहयोगी नरेश गोयल, सुरेश बंसल, जयप्रकाश गर्ग, अनिल गोयल, महेंद्र सिंगला, अशोक गर्ग, उमा गुप्ता, तरुण गुप्ता, फकीर चंद गर्ग थे। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा अब नि:शुल्क सेवा 24 घंटे, सातों दिन कैथल व आस पास के निर्धन और दिव्यांगों को यहीं मिलेगी। यह सेवा केन्द्र कुल 5000 स्क्वायर फीट क्षेत्रफल पर चार मंजिला बना है, जिसमें दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग लगाने एवं फिज़ियोथैरेपी के अलावा उन्हें सामाजिक रुप से सशक्त बनाने के लिए मोबाईल ट्रेनिंग, कम्प्यूटर ट्रेनिंग और सिलाई ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इस सेवा केन्द्र से हर साल 18 हजार से ज्यादा लोग लाभांवित होंगे। लोकार्पण समारोह दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुआ। शाखा कैथल के संयोजक डॉ विवेक गर्ग, संरक्षक सतपाल मंगला , सचिव डॉ अनिल जिन्दल, दुर्गा प्रसाद ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि उद्योगपति त्रिलोकीनाथ गोयल ने कहा कि अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल का बहुत अभिनंदन है, आपके सहयोग व सोच से ही कैथल में केन्द्र बना है। इसके पूर्व संस्थान हैदराबाद में भी सेवा केन्द्र का संचालन कर रहा है। नारायण सेवा संस्थान के इस दया गुप्ता मानव मंदिर केन्द्र के उद्घाटन समारोह में सैकड़ो समाज सेवियों को इस शुभ कार्य में जोड़ने के लिए आप बधाई के पात्र है।
समारोह में आभार व्यक्त करते हुए डॉ विवेक गर्ग ने कहा कि समाज के प्रति हम अपनी जिम्मेदारी निभाने का पूरा प्रयास करेंगे। हर जरूरतमंद की आशा अपेक्षा को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। नारायण सेवा संस्थान 1985 से नर सेवा-नारायण सेवा की भावना से काम कर रहा है। संस्थापक कैलाश मानव को राष्ट्रपति महामहिम ने मानव सेवा के लिए पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा है। संस्थान के अध्यक्ष प्रशान्त अग्रवाल दिव्यांगों के लिए मेडिकल, शिक्षा, कौशल विकास और खेल अकादमी के माध्यम से मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक दृष्टि से मजबूत कर लाखों दिव्यांगों को समाज की मुख्यधारा में ला चुके हैं। वर्ष 2023 में अग्रवाल को राष्टृपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। संस्थान भारत व देश-विदेश के लाखों दिव्यांगों की सुधारात्मक शल्य चिकित्सा और कृत्रिम अंग लगा चुका है। संस्थान कैथल के दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान कर उनकी रुकी जिन्दगी को फिर से शुरू करने के लिए बड़े स्तर पर काम करेगा। इस नारायण सेवा संस्थान शाखा कैथल के सभी सदस्यों डॉ नरेश गर्ग, राजेश गुप्ता, अशोक मंगला, सोनू बंसल, डॉ मनोज बंसल, मनोज गर्ग, प्रवीण जिंदल, कमल गर्ग, विजय सिंगला, ज्ञान चंद भल्ला, जयप्रकाश गर्ग, ईश्वर गोयल, सुमित चौधरी, पंकज बंसल, अभिषेक गुप्ता, नरेश , शेर सिंह, सुभाष शर्मा, गोपाल गर्ग, नितिन सिंगला, दीपेश गोयल, धर्मपाल गुप्ता, राजेश मित्तल, विनीत मंगला, मुकेश मित्तल, बी.एम. गुप्ता, पवन बंसल, रजत बंसल आदि ने इस अवसर पर सभी भामाशाहों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
