
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
करनाल, 18 अगस्त
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनते ही विस्थापित पंजाबी समाज के लिए पंजाबी वैलफेयर बोर्ड का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने अपनी मेहनत के बल पर तरक्की की है, जिसके लिए वह पूरे समाज को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामाएं देते हैं। हुड्डा रविवार को शहीद मदनलाल ढींगरा के स्मरण दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय पंजाबी महासभा द्वारा करनाल के अनमोल गार्डन में आयोजित पंजाबी महासम्मेलन को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। समारोह में विशेष अतिथि के रूप में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और प्रसिद्ध अभिनेता राज बब्बर पहुंचे।
महासम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सुभाष बत्तरा ने की, जबकि पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता, प्रदेश महासचिव राकेश भल्ला उगाला, जिला प्रधान पराग गाबा, राष्ट्रीय सचिव ललित अरोड़ा, करनाल कांगे्रस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह, बी.बी. बत्तरा, भीम मेहता, मनोज वधवा, हरीश आर्य, गुरविंद्र कौर, कुलदीप शर्मा, विधायक रामकरण काला, पूर्व विधायक सुमिता सिंह, अम्बाला के डिप्टी मेयर राजेश मेहता, अमीषा चावला, रोहिता रेवड़ी, दिव्यांशु बुद्धिराजा, जसबीर मलौर, सुल्तान सिंह जड़ौला, अशोक खुराना, के.सी. भाटिया, सुधीर मेहता, अशोक खुराना, गगन मेहता, शेर प्रताप शेरी, राजेंद्र बांबा, गुरविंद्र कौर, मीनू दुआ, डा. गीता रानी, नीरजा बाहरी, नरेंद्र सांगवान, रघबीर संधु, मनिंद्र शंटी, कृष्ण शर्मा बसताड़ा, पप्पू लाठर, मीडिया प्रभारी राजन अरोड़ा व गगन मेहता आदि विशेष तौर पर महासम्मेलन में शामिल हुए।
अपने संबोधन में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पंजाबियों का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया। वह प्रदेश के 10 साल मुख्यमंत्री रहे और उनके कार्यकाल में पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों को राज्यसभा, लोकसभा, बोर्ड, निगमों व अन्य प्रशासनिक इकाइयों में प्रतिनिधित्व देने का काम किया। आने वाले समय में भी इस समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि शहीद मदनलाल ढींगरा ने लंदन में जाकर ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिलाने का काम किया। वह देश को आजाद करवाने के लिए 26 वर्ष की आयु में 17 अगस्त 1909 को शहीद हो गए। हम उन्हें शत शत नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने स्वाभिमान के साथ मेहनत करते हुए स्वयं को संवारने का काम किया।
प्रसिद्ध अभिनेता राज बब्बर ने कहा कि पंजाबी महासम्मेलन मेें आना उनके लिए खुशी का अवसर है। पंजाबी दुनिया में अपनी शान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हुड्डा परिवार ने हमेशा पंजाबियों का सम्मान बढ़ाने का काम किया है। अब हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पंजाबी समाज भूपेंद्र सिंह हुड्डा का साथ देते हुए प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने का काम करे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुभाष बत्तरा ने कहा कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार के दौरान पिछली तमाम सरकारों के मुकाबले पंजाबी समाज को सबसे ज्यादा हिस्सेदारी दी गई। समाज के नेताओं को विधायक, सांसद और मंत्री बनाने का काम किया गया।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासम्मेलन के संयोजक अशोक मेहता ने कहा कि कांगे्रेस के समक्ष पंजाबी समाज की कई मांगों को रखा गया है और उम्मीद है कि कांग्रेस सरकार बनते ही भूपेंद्र सिं हुड्डा इन मांगों को पूरा करेंगे। इन मांगों में पंजाबी भाषा को 10वीं कक्षा तक आवश्यक किया जाना, पंजाबी समुदाय की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाना, शहीदी स्मारक का निर्माण करना, रिफ्यूजी शब्द का प्रयोग करने वाले व्यक्ति या संगठन पर कानूनी कार्रवाई करने का प्रावधान करना आदि प्रमुख हैं। उन्होंने हुड्डा के समक्ष पंजाबी वैलफेयर बोर्ड का गठन करने की मांग भी रखी गई, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार बनते ही पूरा करने का वायदा किया। उल्लेखनीय है कि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता, राष्ट्रीय सचिव ललित अरोड़ा और करनाल जिला प्रधान पराग गाबा की अगुवाई में महासम्मेलन की तैयारियां पिछले दो महीने से चल रही थीं

