
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
कैथल (कृष्ण प्रजापति): कुरुक्षेत्र रोड पर टीक गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य करीब डेढ़ साल पहले पूरा हुआ था। गत 1 फरवरी 2023 को पुल का उद्घाटन तत्कालीन डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने किया था परंतु पुल बनाने के बाद से ही यह समस्याओं का पुल बना हुआ है। पुल के दोनों तरफ अनेक बड़े-बड़े गड्ढे कई महीनों तक वाहन चालकों को परेशानी देते रहे। समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग के अधिकारियों ने कुछ गड्डो को तो भर दिया था परंतु कुछ गढ्ढे आज भी ज्यों की त्यों हैं। पुल पर सफाई न होने की वजह से कई जगह घास भी उग चुका है और एक एक फुट दोनो ओर रेत और बजरी इकट्ठी हो चुकी है जिसमें फिसलकर दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पुल में तीव्र मोड़ और लाईट न लगाई जाने के कारण अंधेरे में गिरकर दुपहिया वाहन चालक घायल हो रहे हैं और बड़े वाहनों में भी एक्सीडेंट का खतरा बना रहता है। करीब डेढ़ साल से पुल तो चालू हो गया है परन्तु आज तक उनके ऊपर लोकनिर्माण विभाग की इलेक्ट्रॉनिक विंग ने स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है जिससे अंधेरे में वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी केवल पत्र व्यवहार के माध्यम से ठेकेदार को सूचित किए जाने की बात कर रहे हैं परंतु वाहन चालकों के लिए कितनी परेशानी हो रही है, ये जानकर भी अधिकारी अनजान बन रहे हैं।
अनेक भाजपा नेता, मुख्यमंत्री मंत्री और मंत्री गुजरते हैं रास्ते से, नहीं दे रहे कोई ध्यान
कैथल-कुरुक्षेत्र जिलों और हरियाणा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग होने के कारण इस सड़क पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, तमाम सत्ताधारी नेता और अधिकारियों का इस सड़क से आवागमन रहता हैं परंतु कोई भी पुल की समस्याओं और पुल पर लाईट लगवाने की पहल नहीं कर रहा है। जहां डेढ़ साल से लाइट नहीं लगी तो वही पुल पर सफाई की ओर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सर्विस रोड भी डेढ़ साल से है बदहाल
पुल के नीचे जो सर्विस रोड बनाया गया था, उसको ठेकेदार ने यह कहकर छोड़ दिया था कि जब पुल चालू हो जाएगा तो सर्विस रोड को दुरुस्त किया जाएगा परंतु पुल को शुरू हुए डेढ़ साल से अधिक समय बीत गया है परंतु आज तक सर्विस रोड के गड्ढों को भी नहीं भरा गया है। ग्रामीणों व वाहन चालकों ने कैथल डीसी से इसकी ओर ध्यान देने की मांग की है।
वहीं जब इस बारे में लोकनिर्माण विभाग के इलेक्ट्रॉनिक विंग के जेई अमरदीप से बात हुई तो उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी को कई बार नोटिस दिया जा चुका है परंतु उनकी तरफ से कार्य शुरू नही किया जा रहा है। अब हायर अथॉरिटी देखे कि क्या करना है।
