
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ़
06 जून, 2024 को NEET रिज़ल्ट के गड़बड़झाले व विवादों को लेकर हमने 7 बिंदु उठाए। पूरे देश में 24 लाख NEET अभ्यर्थियों ने, शिक्षाविदों ने, एक्सपर्ट्स ने, व आम जनमानस ने मोदी सरकार के शिक्षा मंत्रालय व NTA – नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को इन भारी अनियमितताओं के चलते सारे तथ्य सार्वजनिक पटल पर रखने की मांग उठाई। अनेकों हाईकोर्ट्स में मुकदमे दायर हुए व NTA को नोटिस दिया गया। पर हुआ क्या?
अब NEET रिज़ल्ट में गड़बड़ी के आरोपों पर लीपापोती करते हुए NTA के महानिदेशक, सुबोध कुमार सिंह ने कल 8 जून को घोषणा कर दी कि एक चार सदस्यीय कमिटी केवल उन 1,563 छात्रों को दिए ‘ग्रेस मार्क्स’ की समीक्षा करेगी, जिन्हें पेपर में देरी के चलते ग्रेस मार्क्स दिए गए थे।
‘लीपापोती के खेल’ में NEET परीक्षा के पूरे गड़बड़झाले को दबाने की साजिश की जा रही है। न पूरे तथ्य बताए जा रहे, न ग्रेस मार्क्स के मापदंड बताए जा रहे, न गड़बड़झाले और विवादों का हल बताया जा रहा, और न ही 24 लाख युवाओं के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लगाने का कारण बताया जा रहा।
24 लाख युवाओं के भविष्य की दुहाई है कि मोदी सरकार व NTA जवाब देः-
NEET एग्ज़ाम में 67 टॉपर कैसे बने- यानि 720/720 नंबर कैसे आए?
पर पिछले सालों में कितने टॉपर थे?
साल 2019 = 1 टॉपर!
साल 2020 = 1 टॉपर!!
साल 2021 = 3 टॉपर!!!
साल 2022 = 1 टॉपर!!!!
साल 2023 = 2 टॉपर!!!!!
साल 2024 = 67 टॉपर!!!!!!
‘‘यह अपने आप में ही ‘असंभव’ व बेमान्य लगता है।’’ क्या ऐसा हो सकता है कि 67 बच्चे 100 प्रतिशत सही जवाब दे पाएं?
NTA की वरिष्ठ निदेशक, डॉ. साधना पाराशर ने यह स्वीकारा कि 2 तरह के ग्रेस मार्क्स दिए गएः-
13,373 छात्रों ने फिज़िक्स के ‘Atom’ पर पूछे एक सवाल के ऑप्शन को चुनौती दी, क्योंकि तथाकथित तौर से ऑप्शन 1 व ऑप्शन 2, दोनों सही जवाब थे। इन सब छात्रों को ग्रेस मार्क्स दिए।
NEET एग्ज़ाम के दौरान समय खराब होने पर छात्रों को ग्रेस मार्क्स दिए।
नतीजा यह हुआ कि 67 छात्र NEET टॉपर बन गए, NEET एग्ज़ाम की कटऑफ 137 नंबर से बढ़कर 164 हो गई तथा सैकड़ों-हजारों छात्रों को ग्रेस मार्क्स मिलने से NEET एग्ज़ाम के पूरे रिज़ल्ट का सिस्टम ही बिगड़ गया।
यह भी सही है कि NEET एग्ज़ाम ‘‘प्रोफेशनल एंट्रैंस एग्ज़ाम सिस्टम ऑफ एलिमिनेशन’’ पर आधारित है। ऐसी परीक्षा में ग्रेस अंक की गुंजाईश ही नहीं होती।
तो फिर मोदी सरकार और NTA इस भारी गड़बड़झाले की जिम्मेदारी क्यों नहीं ले रही?
NEET एग्ज़ाम के दौरान समय खराब होने को लेकर भी NTA व शिक्षा मंत्रालय ने अलग-अलग चार तरीके अपनाएः-
(i) NEET के छः सेंटरों – छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा व बलोदा बाजार, गुजरात में सूरत, चंडीगढ़, मेघालय व हरियाणा के बहादुरगढ़ में 1,563 छात्रों को गलत पेपर बाँटने से समय खराब होने की शिकायत पर अलग-अलग ग्रेस मार्क्स दिए।
बहादुरगढ़, हरियाणा के हरदयाल पब्लिक स्कूल में तो NEET पेपर के दोनों सेट एक साथ बाँट दिए गए, व बच्चों के एतराज करने के बाद, वो भी 35 मिनट बाद एक पेपर का सेट वापस लिया गया।
(ii) सवाई माधोपुर, राजस्थान में गलत पेपर बंटने पर अगले दिन एक अलग पेपर दिया गया व 3 घंटे 20 मिनट का समय उस पेपर को हल करने के लिए दिया गया।
(iii) जयपुर, राजस्थान में NEET पेपर ही आधा घंटा देरी से दिया गया पर कोई एक्स्ट्रा समय नहीं दिया गया।
(iv) कई ऐसे सेंटर हैं जिन पर उसी दिन अतिरिक्त समय दिया।
ऊपर दिए गए चारों उदाहरण से एक बात साफ है – अनेकों सेंटरों में अलग-अलग समय दिया गया, कहीं पेपर ही दोबारा लिया गया तो कहीं अतिरिक्त समय दिया गया, तो कहीं दोनों पेपर बाँट दिए गए, तो कहीं अगले दिन नया पेपर लिया गया।
जब पूरी NEET एग्ज़ाम प्रक्रिया में इतनी भारी अनियमितताएं हैं, तो सरकार इस पूरे NEET एग्ज़ाम को वैध ठहराने पर क्यों उतारू है? क्या हम 24 लाख बच्चों का भविष्य दाँव पर नहीं लगा रहे?
साल 2019 से 2023 तक NEET Exam में 600 नंबर लाने वाले युवाओं को आसानी से सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सस्ती फीस पर प्रवेश मिल जाता था।
इस साल NEET Exam की कटऑफ 137 नंबर से बढ़कर 164 हो गई। इस बार 660 नंबर लाने वाले युवा को ही शायद मुश्किल से सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सस्ती फीस पर दाखिला मिल पाए।
24 लाख से अधिक युवा, जो NEET Exam में बैठे हैं, अधिकतर गरीब-मध्यम वर्ग- नौकरीपेशा परिवारों से हैं, जो डॉक्टर बनने की ख्वाहिश रखते हैं। इस पूरे घालमेल में क्या उन लाखों बच्चों के सपने धराशाही नहीं हो गए?
NEET का एग्ज़ाम 5 मई, 2024 को हुआ व उसका रिज़ल्ट 14 जून, 2024 को आना था।
फिर यकायक 4 जून, 2024 को ही रिज़ल्ट घोषित कर दिया गया। यह वही दिन था, जिस दिन देश के संसदीय चुनाव का रिज़ल्ट भी आया और पूरा देश लोकसभा चुनाव का रिज़ल्ट सुनने में व्यस्त था।
क्या NEET का यह रिज़ल्ट आनन-फानन में इसलिए निकाला गया कि सभी आशंकाओं व विवादों पर पर्दा डाला जा सके?
NEET का रिज़ल्ट आने के बाद व भारी अनियमितताओं, विवादों, व गड़बड़झाले के चलते कई बच्चों ने आत्महत्या कर ली। इसमें दौसा के अजीत नाम के युवा भी हैं, और रीवा, मध्यप्रदेश की बिटिया बगीशा तिवारी भी।
सवाल यह है कि NTA की यह कैसी NEET एग्ज़ाम प्रणाली है, जो लगातार विवादों के घेरे में है तथा युवा बच्चे आत्महत्या के खतरनाक रास्ते पर चल पड़े हैं?
24 लाख युवा मोदी सरकार व NTA से न्याय चाहते हैं, न कि लीपापोती का खेल व झूठ का आडंबर। आज जब श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री की शपथ ले रहे हैं, तो सबसे पहले 24 लाख युवाओं के भविष्य पर जवाब देना चाहिए।
