
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
चूरू,19 फरवरी। थाना हमीरवास व राजगढ़ पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में शॉर्प शूटर्स को अवैध हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में आरोपित आशीष पुत्र रमेश निवासी बैवड थाना हमीरवास को गिरफ्तार किया है। आरोपित बदमाश की गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित है।
एसपी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि 24 दिसंबर 2023 को राजगढ़ थाना पुलिस की टीम ने जिले में हत्या के इरादे से आए तीन शॉर्प शूटर्स मोनू सोनी, मेहुल उर्फ चिंटू व अंकित उर्फ गोलू उर्फ प्रदीप को दो अवैध हथियार, 3 मैगजीन मय 15 कारतूस सहित गिरफ्तार किया था। इसी क्रम में 25 जनवरी को राजगढ़ थाना पुलिस की टीम द्वारा बदमाश धर्मेंद्र कुमार को एक अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया गया।
अनुसंधान में तीनों शार्प शूटर एवं बदमाश को अवैध हथियार हमीरवास निवासी आशीष द्वारा सप्लाई करना सामने आने पर इसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व सीओ प्रशांत किरण के सुपरविजन में एसएचओ राजगढ़ व हमीरवास की टीम गठित की गई।
गठित टीम द्वारा आसूचना संकलन से अभियुक्त आशीष की मौजूदगी का पता लगा, जिसे डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस की टीम आरोपित से हथियार प्राप्ति के स्रोत एवं पूर्व में शार्प शूटर व बदमाश को अवैध हथियार उपलब्ध कराने के उद्देश्य के बारे में पूछताछ कर रही है।
