
पंचकूला के विधायक और हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण
समाचार सेवा पंचकूला। dakshdarpan2024@gmail.com
भारतीय जनता पार्टी के नेता राजनीति के मामले में बहुत कैलकुलेटिव है। शासन प्रशासन हो या चुनाव प्रबंधन, पार्टी में प्रयोग लगातार चलते रहते हैं। ऐसे तो नियम शक्ति से लागू किए जाते हैं परंतु जरूरत पड़ती है तो नियमों में ढील भी दे दी जाती है। भारतीय जनता पार्टी ने कई प्रदेशों में पहली बार जीतकर आए विधायकों को मुख्यमंत्री बनाने का काम किया है, परिवारवाद पर अंकुश लगाया है ।ऐसे ही उम्र की भी पाबंदी है परंतु जरूरत पड़े तो परिवारवाद के नियम तोड़ भी दिये जाते हैं। अमूमन पार्टी 75 वर्ष की उम्र के बाद के जन प्रतिनिधियों को रिटायर कर देती है। लेकिन बीजेपी के भी सारे नियम हार्ड एंड फास्ट नहीं है ।परिवारवाद की बात करें तो हरियाणा में सांसद बृजेंद्र सिंह को टिकट देने के वक्त उनके पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह का त्यागपत्र ले लिया गया था ।हरियाणा के लोकप्रिय और वरिष्ठ नेता राव इंद्रजीत सिंह सांसद थे तो उनकी बेटी को परिवार वाद के नाम पर टिकट नहीं दी गई और भी कई भाजपा नेता अपने बच्चों के लिए टिकट मांग रहे थे परंतु किसी को भी इस तरह की छूट या रियायत नहीं दी गई ।लेकिन उत्तर प्रदेश में परिवारवाद का एक अपवाद रक्षा मंत्री राज नाथ सिंह हैं I जाहिर है वे खुद सांसद हैं परंतु उनका बेटा पंकज सिंह उत्तर प्रदेश में भाजपा का विधायक है।
इस संदर्भ में हरियाणा की बात करें तो 2019 में भाजपा का 75 पार का नारा खूब चर्चा में रहा था । यह अलग बात है कि विधायक 40 ही जीतकर आए।अबकी बार उम्र में 75 पार का एक उम्मीदवार इस बात के लिए चर्चा बटोर सकता है कि पार्टी उन्हें लगातार तीसरी बार विधानसभा के चुनाव के मैदान में उतार रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 5 साल की कर्मभूमि पंचकूला रही है और ज्ञानचंद गुप्ता उनके सहयोगी।
वह उम्मीदवार कोई और नहीं हरियाणा विधानसभा के स्पीकर और पंचकूला के भाजपा के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता हैं। बताया जा रहा है कि 75 वर्ष की उम्र पार करने के बावजूद पार्टी उन्हें एक बार फिर चुनाव लड़ाने जा रही है। दक्ष दर्पण ने इससे पहले भी इसी तरह के संकेत दिए थे परंतु अब यह संभावना और भी प्रबल हो गई बताते हैं। श्री गुप्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी और संघ से जुड़े नेता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह फिजिकली फिट हैं। उन्हें एक खास मकसद के तहत भी चुनाव लड़ाया जा सकता है। मतलब गुप्ता के इन परिस्थितियों में भी चुनाव लड़ाने के पीछे एक बड़ा मकसद भी छिपा हो सकता है।
श्री गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के लिए इसलिए भी विशेष है कि उन्हें थ्री इन वन कहा जाता है ।क्योंकि उनमें हरियाणा ,पंजाब ही नहीं चंडीगढ़ भी बसता है।
उनका जन्म पंजाब का है।वे विधायक हरियाणा के हैं और चंडीगढ़ में मेयर रहे हैं। आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में ज्ञानचंद गुप्ता को आगे करके अग्रवाल समाज को भी विशेष प्रतिनिधित्व दे सकती है। श्री गुप्ता जिस तरह से विकास कार्यों में रुचि ले रहे हैं भविष्य की योजनाओं को मध्य नजर रखते हुए सक्रिय हैं उसे देखते हुए राजनीति में रुचि रखने वाले दूसरे दलों के लोगों को भी ऐसा ही लग रहा है कि भारतीय जनता पार्टी ज्ञानचंद गुप्ता की जगह कोई उम्मीदवार तलाश ही नहीं कर रही है और श्री गुप्ता ही पंचकूला से तीसरी बार भाजपा के उम्मीदवार के रूप में उतरने वाले हैं।
ऐसी स्थिति में उनके मुकाबले कांग्रेस किसी मजबूत उम्मीदवार को मैदान में उतरने में सफल होगी या नहीं, यह वक्त बताएगा। पिछले चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में ज्ञानचंद गुप्ता का मुकाबला करने आए चंद्र मोहन चुनाव हार गए ।अब कांग्रेस के ही बहुत नेता उनकी जीत की गारंटी देने को तैयार नहीं है। ज्ञानचंद गुप्ता चुनाव मैदान में आते हैं तो कांग्रेस को एकजुट होकर मजबूत से मजबूत उम्मीदवार को मैदान में उतरना पड़ेगा क्योंकि एक पंचकूला की हार जीत का असर कई सीटों पर पड़ सकता है। लोकसभा के चुनाव में उम्मीदवारों को विधानसभा वाइज कितने-कितने वोट पड़ेंगे ,यह आंकड़े भी विधानसभा के परिणामों को इंगित और प्रभावित करते नजर आएंगे ।
2019 के विधानसभा चुनाव में अंबाला लोकसभा क्षेत्र के 9 विधान क्षेत्रों के भाजपा उम्मीदवारों की बात करें तो पार्टी ने दो अग्रवाल, दो पंजाबी, एक गुर्जर, एक राजपूत, एक ब्राह्मण और दो दलित उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। अगले चुनाव में इस मामले में भी एक दो सीट पर फेर बदल देखने को मिल सकता है परंतु दो अग्रवाल ,दो पंजाबी उम्मीदवार इस बार भी चुनाव लड़ेंगे, ऐसा अभी से प्रतीत हो रहा है।
