दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
रायपुररानी,(8 अक्तूबर 2023, संतोष सैनी)।
खेड़ा शिव मंदिर रायपुररानी में समाजसेवी नवदीप शर्मा नब्बी के द्वारा एक अहम बैठक का आयोजन किया गया।बैठक का मुख्य उद्देश्य कालका के गौ-सेवक नवदीप शर्मा नब्बी की अध्यक्षता में गौ-सेवकों के द्वारा सड़कों पर घूमती गायों को कालका के टिपरा में जमीन दिलवाने की मांग करना एवं प्रशासन के विरुद्ध अनोखा आंदोलन चलाना था। नवदीप शर्मा ने आगामी बृहस्पतिवार को सभी गौ-सेवकों से पिंजौर, कालका की सड़कों पर घूमती गायों को ले जाकर एसडीएम एवं तहसील कार्यालय कालका के प्रांगण में छोड़ने का आह्वान किया है और तब तक उक्त कार्यालयों में ही गायों के साथ रहने का भी निर्णय लिया है, जब तक गायों को उनकी जमीन नहीं मिल जाती। गौरतलब है कि गौ-सेवकों का आरोप है कि टिपरा में गौ-चरांद की जमीन पर कब्जा कर शराब का ठेका खोला हुआ है। गत माह गौ सेवकों ने विरोध प्रदर्शन कर उक्त ठेका हटाकर वहां गौशाला खोलने की मांग करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी थी यदि कब्जा न हटाया गया तो वे आंदोलन करेंगे।
