
शिकायत मोहाली में दर्ज कराई गई है
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com
26 मई, 2023: साउंड रिकॉर्डिंग के प्रबंधन के लिए भारत सरकार द्वारा पंजीकृत एकमात्र कॉपीराइट सोसाइटी – द रिकॉर्डेड म्यूजिक परफॉर्मेंस लिमिटेड (आरएमपीएल) ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए गुजरात टाइटन्स गेम्स में चलाए गए गानों के लिए अहमदाबाद में अपने एक सदस्य की ओर से कॉपीराइट उल्लंघन का मुकदमा दायर किया है।
गौरतलब है कि पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ भी एक गाने के कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायत आरएमपीएल ने चंडीगढ़ के निकट मोहाली में दर्ज कराई है। इसी तरह, लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ लखनऊ में एक पुलिस शिकायत की गई है।
आरएमपीएल ने बीसीसीआई, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, डीएनए, गुजरात टाइटन्स द्वारा अपने खेलों के दौरान मनोरंजन का प्रबंधन करने हेतु नियुक्त बैंगलोर स्थित कंपनी को बुलाने के लिए कई नोटिस भेजे, फिर भी गाने बजाना जारी रखा गया, जिनके अधिकार आरएमपीएल के पास हैं। इसीलिए उसे डीएनए और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ गांधीनगर में कमर्शियल अदालत के समक्ष एक मुकदमा दर्ज कराने के लिए बाध्य होना पड़ा।
आरएमपीएल के सीईओ, श्री सौम्या चौधरी ने कहा, “आरएमपीएल भारत में एक ऐसा मंच तैयार करने की राह पर है, जहां आरएमपीएल के साथ पंजीकृत सभी म्यूजिक लेबल्स को उनका वाजिब बकाया मिल सकेगा। हम यह सुनिश्चित करते हैं कि हमारे सदस्यों से संबंधित संगीत के यूजर्स को कॉपीराइट कानून के बारे में पहले से ही उचित जानकारी प्रदान की जाए। अगर फिर भी वे अनदेखी करते हैं और जानबूझकर संज्ञेय अपराध करते हैं, तो हम उन पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होंगे।”
इस पर आगे टिप्पणी करते हुए, चौधरी ने कहा, “आईपीएल मैचों में हमारे संगीत का उपयोग करने के लिए लाइसेंस शुल्क का भुगतान करने हेतु, ईवेंट मैनेजमेंट कंपनी- डीएनए नेटवर्क के प्रतिनिधियों से बात करने के कई बार प्रयास किए गए। लेकिन उन्होंने हमारे मौखिक और लिखित संदेशों को अनदेखा किया। इसके बाद हमने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) को पत्र लिखे, लेकिन फिर से कोई सुनवाई नहीं हुई। अंत में, हमें गांधीनगर में माननीय अदालत के दरवाजे पर दस्तक देने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिसने 1957 के कॉपीराइट अधिनियम के पक्ष में फैसला सुनाया, जिससे हमें आगे भी देश के कानून को मनवाने का हौसला मिला है।”
उन्होंने कहा, “हम आरएमपीएल लाइसेंस नहीं लेने वालों और जानबूझकर देश के कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पूरे भारत में इसी तरह के मामले दायर करके इस मुद्दे को आगे बढ़ाएंगे।”
गांधीनगर में वाणिज्यिक न्यायालय द्वारा जारी किए गए इस तरह के समन की तामील पर, डीएनए और बीसीसीआई ने अदालत के समक्ष एक बयान दिया कि वे आने वाले सेमी फाइनल और फाइनल खेलों के दौरान अपने सदस्यों के कॉपीराइट पर वादी द्वारा उल्लिखित गीतों को नहीं बजाएंगे।
ये गुजरात के बहुत ही लोकप्रिय गीत हैं- “हेलो मारो संभालोजी” और “मारा पलावनो”, जो गुजरात में आयोजित कम से कम छह आईपीएल मैचों के दौरान ओवरों के बीच चलाए गए थे। मुकदमे की सुनवाई जून में होनी है। आरएमपीएल अपने वकील श्री रोहन लवकुमार (नानावटी एसोसिएट्स) के माध्यम से कार्यवाही कर रहा है।
