दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार पुनीत महाजन ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक एकता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पुनीत महाजन, जो भारतीय एकता मंच (पंजीकृत) के जनरल सेक्रेटरी-कम-कन्वीनर हैं तथा हाल ही में श्री श्रीनाथ सेवा संस्था भारत की चंडीगढ़ प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। दोनों महान नेताओं ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया और हमें सच्चाई, सादगी, अनुशासन, देशभक्ति तथा राष्ट्रसेवा की राह दिखाई।
उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि भारत को नशामुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश के युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, समाज और सभी सामाजिक संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसे नशे की गिरफ्त से निकालकर शिक्षा, खेल, रोजगार, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाना जरूरी है।
पुनीत महाजन ने कहा कि भारत को लंबे समय से ‘सोने की चिड़िया’ के रूप में जाना जाता रहा है। देश की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और विविधता में है। हमें जाति, धर्म और अन्य किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी भारतवासी एक-दूसरे के भाई हैं और मिल-जुलकर ही देश को मजबूत बना सकते हैं।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। स्वच्छ वातावरण, स्वच्छ शहर और हरियाली आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल हैं।
पुनीत महाजन ने कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों ने जो त्याग और कुर्बानियां दीं, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और आने वाली पीढ़ियों को भी उनके संघर्ष, त्याग और देशभक्ति के बारे में बताएं।
समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय पुनीत महाजन लंबे समय से जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि समाजसेवा केवल किसी एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। जब भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या उनके संज्ञान में आती है, वे अपनी क्षमता के अनुसार उसकी मदद और समाधान के लिए प्रयास करते हैं। समाजसेवा एवं जनहित के कार्यों के लिए उन्हें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी स्तर पर कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।
उन्होंने अंत में देशवासियों से आह्वान किया कि आइए, गांधी जी के सत्य और अहिंसा तथा शास्त्री जी की सादगी, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को अपनाकर एक मजबूत, स्वच्छ, नशामुक्त, पर्यावरण-सुरक्षित और एकजुट भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

समाज सेवक पुनीत महाजन भारतीय एकता मंच के जनरल सेक्रेटरी कम कन्वीनर एवं श्री श्रीनाथ सेवा संस्था भारत चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार।
