दक्ष दर्पण
फतेहाबाद, 28 अगस्त (चेतना संवाददाता)। भट्टू के फतेहाबाद रोड पर आज उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब चलती हुई एक नई इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई। स्कूटी से चिंगारी निकलती देख चालक ने समझदारी दिखाई और तुरंत गाड़ी को स्टैंड पर खड़ा कर वहां से जान बचाकर भाग निकला। चालक के दूर हटते ही स्कूटी ने विकराल आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक अपनी नई इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर घर की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह फतेहाबाद रोड पर पहुंचा, स्कूटी से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। खतरा भांपते ही युवक ने तुरंत सड़क किनारे स्कूटी का स्टैंड लगाया और वहां से दूर भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी बिल्कुल नई थी। समय रहते नीचे उतर जाने और वहां से हटने के कारण युवक की जान बच गई, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। सड़क पर धू-धू कर जलती स्कूटी को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग इतनी तेज थी कि जब तक उस पर काबू पाया जाता, तब तक स्कूटी का ढांचा ही बचा। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीर और प्रत्यक्षदर्शी करीब एक घंटे तक चालक का इंतजार करते रहे, लेकिन घबराया हुआ युवक वापस नहीं लौटा। युवक के न आने के कारण फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि स्कूटी किसकी थी और चालक का नाम क्या है। प्राथमिक दृष्टि से आग लगने का कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग माना जा रहा है।

