
दक्ष दर्पण
(पुनीत महाजन)
चंडीगढ़, 2 अगस्त। आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को अपने महत्वाकांक्षी ‘चंडीगढ़ फर्स्ट’ अभियान की शुरुआत करते हुए घोषणा की कि पार्टी शहर के सभी 35 वार्डों में स्वच्छ छवि, ईमानदार, शिक्षित और जनहित के प्रति समर्पित उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारेगी।
इस अभियान की घोषणा करते हुए आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ की कोर कमेटी के चेयरमैन एवं वरिष्ठ नेता सीए प्रेम गर्ग ने कहा कि पार्टी ने ऐसे 35 योग्य नागरिकों की तलाश शुरू कर दी है, जो राजनीति को व्यक्तिगत लाभ या आजीविका का साधन नहीं, बल्कि समाज और शहर की सेवा का माध्यम मानते हों। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन उनकी ईमानदारी, शिक्षा, सामाजिक प्रतिबद्धता, नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शी सोच और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे मानकों के आधार पर किया जाएगा।
प्रेम गर्ग ने कहा कि आज चंडीगढ़ को ऐसे जनप्रतिनिधियों की आवश्यकता है, जो धनबल, बाहुबल और राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर केवल शहर और उसके नागरिकों के हित में निर्णय लेने का साहस रखते हों। उन्होंने कहा कि ‘चंडीगढ़ फर्स्ट’ मिशन का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित, हरित, भ्रष्टाचार-मुक्त, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन वाला देश का आदर्श शहर बनाना है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी नगर निगम की कार्यप्रणाली में सकारात्मक और गुणात्मक बदलाव लाने के लिए समाज के योग्य, अनुभवी और जिम्मेदार लोगों को सार्वजनिक जीवन में आगे लाना चाहती है। इसी सोच के तहत शिक्षकों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, वकीलों, उद्यमियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, समाजसेवियों, महिलाओं, युवाओं तथा अन्य जागरूक नागरिकों से इस अभियान से जुड़कर चुनाव लड़ने के लिए आगे आने का आह्वान किया गया है।
प्रेम गर्ग ने विश्वास दिलाया कि पार्टी योग्य एवं समर्पित उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिए मजबूत संगठनात्मक मंच, आवश्यक मार्गदर्शन और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने शहरवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा, “चंडीगढ़ का भविष्य केवल पारंपरिक राजनीति के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। जब समाज के ईमानदार, सक्षम और प्रतिबद्ध लोग नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे, तभी वास्तविक और स्थायी परिवर्तन संभव होगा। आइए, हम सभी ‘चंडीगढ़ फर्स्ट’ के संकल्प के साथ एक पारदर्शी, जवाबदेह, भ्रष्टाचार-मुक्त और प्रगतिशील चंडीगढ़ के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”
