
(दक्ष दर्पण
(पुनीत महाजन) चंडीगढ़
बद्दी, 1 अगस्त।
बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर सिक्का होटल चौक के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक के ब्रेक फेल होने से वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक करीब दो घंटे तक मदद के लिए आवाज लगाता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर आवश्यक राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच जाती, तो चालक की जान बचाई जा सकती थी।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने में काफी देरी हुई, जिससे चालक को समय पर चिकित्सीय सहायता नहीं मिल सकी। लोगों ने गंभीर सड़क हादसों से निपटने के लिए त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था, हाइड्रोलिक उपकरणों और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग उठाई।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, राहत एवं बचाव कार्य में हुई कथित देरी के कारणों का पता लगाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
