दक्ष दर्पण समाचार सेवा
हिसार, 14 मई — आजाद नगर स्थित भाग्यश्री महिला आश्रम में आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। भोजन उपरान्त पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष नामदेव सभा ने आश्रम में रह रही गरीब, लाचार, बीमार, बेसहारा एवं पीड़ित महिलाओं से आत्मीय संवाद किया।
इस अवसर पर आश्रम की संचालिका बाला देवी, जिन्हें आश्रमवासी मदर टेरेसा की प्रतिमूर्ति मानते हैं, ने बताया कि वर्तमान में आश्रम में लगभग 70 महिलाएँ रह रही हैं। इनकी आयु 10 वर्ष से लेकर 55 वर्ष तक है। उन्होंने कहा कि भोजन, वस्त्र, चिकित्सा एवं रहने की सुविधा समाज के दयालु जनों के सहयोग से उपलब्ध कराई जा रही है।
बाला देवी ने यह भी उल्लेख किया कि आश्रम का संचालन पूर्णतः समाजसेवी व्यक्तियों के सहयोग पर आधारित है। यहाँ रहने वाली महिलाएँ सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रही हैं और उन्हें नई आशा एवं आत्मविश्वास प्राप्त हो रहा है।
पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा ने महिलाओं से उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान समाज में वास्तविक सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नामदेव सभा भविष्य में भी आश्रम की हर संभव सहायता करेगी।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि आश्रम ने उन्हें जीवन में नई दिशा दी है। भोजन उपरान्त सभी ने मिलकर प्रार्थना की और समाज में महिला सशक्तिकरण एवं सेवा भाव को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
भाग्यश्री महिला आश्रम का यह आयोजन न केवल महिलाओं के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है, बल्कि समाज को भी यह संदेश देता है कि यदि हम सब मिलकर सहयोग करें तो कोई भी व्यक्ति बेसहारा या असहाय नहीं रहेगा!

पूर्व चेयरमैन सतवीर वर्मा प्रसाद वितरित करते हुए ।
