
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला 24 फरवरी : सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार ने वेव्स पहल के तहत गूगल और यूट्यूब के सहयोग से पूरे देश में एआई स्किलिंग प्रोग्राम शुरू किया है।
इस प्रोग्राम का उद्देश्य देश भर के विद्यार्थियों, क्रिएटर्स, डेवलपर्स और मीडिया प्रोफेशनल्स के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में उच्च-गुणवत्ता वाली ट्रेनिंग तक पहुंच को आसान बनाना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस पहल के तहत योग्य उम्मीदवारों को प्रीमियम कोर्स के लिए निःशुल्क स्कॉलरशिप प्रदान की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत दो विशेष ट्रैक— फाउंडेशनल एआई और प्रॉम्प्टिंग एवं जेनरेटिव एआई लीडर (गेल)— के माध्यम से छात्रों और युवा प्रोफेशनल्स में रोजगार प्राप्त करने की क्षमता, डिजिटल दक्षता तथा उद्योग के अनुरूप तैयार रहने की योग्यता बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशनल एआई और प्रॉम्प्टिंग ट्रैक के तहत प्रतिभागी क्रिएटिव आइडिया, स्टोरीटेलिंग और कंटेंट डेवलपमेंट के लिए जेनरेटिव एआई टूल्स का उपयोग करना सीखेंगे। इसमें गूगल एआई एसेंशियल्स और प्रॉम्प्टिंग एसेंशियल्स जैसे सर्टिफिकेशन शामिल हैं।
प्रोफेशनल्स के लिए डिज़ाइन किया गया जेनरेटिव एआई लीडर (गेल) ट्रैक जेनरेटिव एआई के व्यावसायिक महत्व और इसके जिम्मेदार उपयोग पर केंद्रित है तथा शिक्षार्थियों को उद्योग से मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेशन के लिए तैयार करता है।
उन्होंने आगे बताया कि फाउंडेशनल कोर्स (फेज 1) पूरा होने पर प्रतिभागी फेज-2 में आगे बढ़ेंगे, जहाँ उन्हें वर्टेक्स एआई, जेमिनी और गूगल क्लाउड जैसे एडवांस्ड टूल्स पर हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग मिलेगी, जो खास तौर पर मीडिया वर्कफ्लो के लिए बनाए गए हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि राज्य के योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन पोर्टल https://aiskillhouse.iict.org/ के माध्यम से कोर्स के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
