दक्ष दर्पण समाचार सेवा
हिसार, 30 दिसम्बर : मनरेगा बचाओ मोर्चा की संयुक्त बैठक आज दोपहर जाट धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में हिसार, फतेहाबाद, कैथल, हांसी और पानीपत जिलों की मजदूर यूनियनों एवं मेट संगठनों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से मनरेगा को पुन: प्रभावी ढंग से लागू करने तथा 30 जनवरी को दिल्ली कूच का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में करतार सिंह, नाथूराम, करमजीत, सुनील मैडल, शारदा देवी, सिकंदर, राजेश चौबारा, अनिल सिमला, बलजीत, अमन, रवि, कृष्णा तथा पानीपत से बलवान सहित कई मजदूर-किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। मोर्चे की प्रवक्ता धीरज गाबा एवं राजेश चौबारा ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों के तहत प्रदेश के 10 जिलों में पदयात्रा और जत्था यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से गांव-गांव मज़दूर पंचायतें कर “वीबी-जीरामजी कानून वापस लो” और “मनरेगा को पुन: मजबूती से लागू करो” जैसी मांगों को लेकर मजदूरों को जागरुक किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे अजय ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा लाया गया नया कानून रोजगार गारंटी पर सीधा हमला है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 125 दिन रोजगार देने के दावे केवल जुमले हैं। पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के तहत औसतन 50 दिनों से भी कम काम दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा के बजट में 60:40 का बंटवारा कर जिम्मेदारी राज्य सरकारों पर डाल दी गई है, जिससे कार्य दिवसों में और कटौती होगी। वहीं नए प्रावधानों में 60 दिन की कार्य-बंदी का नियम भी शामिल है, जिसका सीधा असर मजदूरों की सौदेबाजी की क्षमता और उनके रोजगार पर पड़ेगा। इन्हीं कारणों से देशभर के मजदूर मनरेगा को पुन: प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बैठक के अंत में मनरेगा बचाओ मोर्चा के सभी सहयोगी संगठनों ने संकल्प लिया कि इस आंदोलन को गांव स्तर तक ले जाया जाएगा और 30 जनवरी को दिल्ली में मनरेगा बचाओ महापंचायत आयोजित की जाएगी। बैठक में मनरेगा बचाओ मोर्चा द्वारा मांग की गई कि हिसार के जनपक्षधर पत्रकार उदय भान पर सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे के लगाये गये फर्जी आरोपों को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही हिसार पुलिस-प्रशासन से मांग की गई कि जनता को जागरुक करने वाले संगठनों और पत्रकारों पर दमनात्मक कार्रवाई बंद की जाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाए।

जाट धर्मशाला में बैठक करते मनरेगा बचाओ मोर्चा के सदस्य।
