
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कुरुक्षेत्र(वैष्णवी)।राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत हरियाणा के पंचकूला स्थित राज्य टीबी प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र में आज रेडियोलॉजिकल सूचना प्रणाली प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया किया गया। इस प्रशिक्षण में राज्य के विभिन्न जिलों से एमडी-चेस्ट फिजिशियन, एमडी-मेडिसिन और रेडियोलॉजिस्ट ने भाग लिया। इसका उद्घाटन राज्य टीबी कार्यक्रम प्रभारी एवं राज्य स्वास्थ्य उपनिदेशक (सीनियर स्केल) डॉ. राजेश राजू ने किया। यह जानकारी पूर्व सिविल सर्जन एवं लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल के हृदय एवं छाती रोग विशेषज्ञ डॉ.शैलेंद्र ममगाईं शैली ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद लौट कर दी।
उन्होंने बताया कि राज्य क्षय रोग उप-निदेशक(सीनियर स्केल) डॉ.राजेश राजू के प्रयासों से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 अगस्त को भी चलेगा। इसके अलावा किसी भी कारण से जो विशेषज्ञ इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए हैं; उनके लिए अगले हफ्ते भी यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन द्वारा विकसित एक कृत्रिम मेघा आधारित सॉफ्टवेयर, आरआईएस (रेडियोलॉजिकल सूचना प्रणाली) पर केंद्रित है। यह सॉफ्टवेयर एआई-आधारित एक्स-रे की रिपोर्टिंग के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे निदान/जांच प्रक्रिया में सटीकता और गति आएगी।
यह प्रशिक्षण क्लिंटन फाउंडेशन के प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के पूरा होने के बाद, प्रतिभागी एक्स-रे आसानी से पढ़ने में सक्षम हो जाएंगे और उनकी रिपोर्टिंग कर सकेंगे। इस प्रणाली की मदद से क्षय रोग का शीघ्र निदान/जांच और उपचार संभव हो सकेगा, जिससे रोग के प्रसार को रोकने और बिना निदान/जांच के होने वाली मौतों को कम करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य उपनिदेशक(सीनियर स्केल)एवं राज्य क्षय रोग कार्यक्रम प्रभारी डॉ.राजेश राजू ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर 2025 तक हरियाणा को टीबी मुक्त बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगी,जो प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवा को एकीकृत कर रही है,ताकि बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
