
रघुभूषण लाल गुप्ता
सिंधु जल संधि वास्तव में भारत और पाकिस्तान के बीच 6 नदियों – सतलुज, रावी, ब्यास, चिनाब, झेलम और सिंधु नदियों के जल के बंटवारे को लेकर वर्ष 1960 में विश्व बैंक की मध्यस्थता में भारत और पाकिस्तान के बीच में हुआ एक समझौता है जिस पर तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और तत्कालीन पाकिस्तानी राष्ट्रपति अयूब खान ने कराची में हस्ताक्षर किए थे । इसे सिंधु जल संधि इसलिए कहा जाता है क्योंकि इन नदियों में से सिंधु नदी सबसे लम्बी है और सतलुज, रावी, ब्यास, चिनाब और झेलम नामक पांचों नदियां आगे चलकर अंतत: सिंधु नदी में मिल जाती हैं। सिंधु नदी एक ऐतिहासिक नदी है । सिंधु घाटी की सभ्यता नामक भारत की पहली मानव सभ्यता का विकास आज से लगभग 4600 वर्ष पूर्व से लेकर 3900 वर्ष पूर्व तक इसी नदी की घाटी में हुआ था जिसे हड़प्पा सभ्यता भी कहा जाता है । इस सभ्यता को मेसोपोटामिया और विश्व की सभ्यताओं के साथ दुनिया की सबसे पुरानी शहरी सभ्यताओं में से एक माना जाता है।
3180 किलोमीटर लम्बी सिंधु नदी चीन के पश्चिमी तिब्बत क्षेत्र में कैलाश पर्वत के उत्तर-पूर्व में पहाड़ी झरनों से निकलती है । तिब्बत में इसे सिंगी खंबन या शेर का मुंह के नाम से जाना जाता है । यह विवादित कश्मीर से होती हुई उत्तर-पश्चिम में बहती है और डेमचोक नामक स्थान पर भारत में प्रवेश करके पहले भारतीय प्रशासित लद्दाख और फिर पाकिस्तानी प्रशासित गिलगित बाल्टिस्तान से होती हुई आगे बढती है । पाकिस्तान के मिथनकोट नामक स्थान के पास सिंधु नदी पांच पूर्वी सहायक नदियों सतलुज, रावी, ब्यास, चिनाब और झेलम के सम्मिलित जल को प्राप्त करती है जिसे पंचनद या पंजनद नदी ( पांच नदियाँ ) कहा जाता है । अंतत: यह कराची के दक्षिण में जाकर अरब सागर में गिर जाती है।
1550 किलोमीटर लम्बी सतलुज नदी तिब्बती पठार में कैलाश पर्वत के पास राक्षसताल झील से निकलती है। यह झील मानसरोवर झील और कैलाश पर्वत के पास स्थित है। इस नदी को तिब्बत में लांगकेन जाग्बो के नाम से भी जाना जाता है । यह नदी हिमाचल प्रदेश में शिपकी ला दर्रे से भारत में प्रवेश करती है । यह हिमाचल प्रदेश से बहती हुई पंजाब में प्रवेश करती है और अंतत: हरिके नामक स्थान के पास ब्यास नदी में मिल जाती है और फिर पाकिस्तान में प्रवेश कर चिनाब नदी में मिल जाती है ।
720 किलोमीटर लम्बी रावी नदी का उद्गम लघु हिमालय विशेष रूप से भारत के हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के बारा बंगाल क्षेत्र में होता है । यह नदी पंजाब में प्रवेश करने से पहले चंबा घाटी से होकर बहती है और अंतत: पाकिस्तान में चिनाब नदी में मिल जाती है।470 किलोमीटर लम्बी ब्यास नदी समुद्र तल से 4361 मीटर की ऊंचाई पर पीर पंजाल पर्वत माला के दक्षिणी छोर पर रावी नदी के उद्गम स्थल के करीब हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में रोहतांग दर्रे के पास ब्यास कुंड से निकलती है । यह धौलाधार पर्वत माला को पार करती हुई दक्षिण-पश्चिम दिशा में बहती है । यह नदी कुल्लू घाटी से होकर दक्षिण की ओर बहती है तथा मनाली और कुल्लू शहरों से गुजरती हुई मंडी जिले में प्रवेश करती है और फिर हमीरपुर जिले से होकर दक्षिण-पश्चिम में बहती है और कांगड़ा घाटी में प्रवेश करती है । फिर यह पंजाब के मैदानों में प्रवेश करती है और अंतत: पंजाब में हरिके नामक स्थान पर सतलुज नदी में मिल जाती है ।
974 किलोमीटर लम्बी चिनाब नदी को चंद्रभागा नदी भी कहते हैं। यह हिमालय में तांडी के पास दो धाराओं चंद्रा और भागा के एक दूसरे में मिलने से बनती है। चंद्रा और भागा हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति घाटी के हिमालयी केंटन में बरेलाचा दर्रे के क्रमश: दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम चेहरों से निकलती है। यह नदी हिमाचल प्रदेश में पांगी घाटी से होकर उत्तर-पश्चिम की ओर बहती है और जम्मू कश्मीर में डोडा जिले के पडेर क्षेत्र में प्रवेश करती है, फिर यह अखनूर की ओर बहती है और फिर पाकिस्तान के सियालकोट क्षेत्र में प्रवेश करती है । पाकिस्तान में यह नदी पहले रावी नदी और फिर सतलुज नदी से मिलकर पंचनद या पंजनद नदी (पांच नदियाँ) बनाती है और अंतत: पाकिस्तान के मिथनकोट नामक स्थान पर सिंधु नदी से मिल जाती है।
725 किलोमीटर लम्बी झेलम नदी का उद्गम चश्मा वेरीनाग नामक झरने से होता है जो कश्मीर में पीर पंजाल पर्वत माला की तलहटी में स्थित है। यह नदी श्रीनगर और वुलर झील सहित कश्मीर घाटी से होकर पश्चिम की ओर बहती है । वुलर झील से निकलने के बाद यह नदी पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में प्रवेश करती है और कुछ दूरी तक भारत-पाकिस्तान सीमा का हिस्सा बन जाती है । इसके बाद यह नदी पाकिस्तान के पंजाब प्रान्त में प्रवेश करती है तथा झेलम जिले से गुजरते हुए त्रिम्मु नामक स्थान के पास चिनाब नदी में मिल जाती है ।
जब भारत आजाद हुआ तो इन नदियों के पानी के बंटवारे को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच में विवाद शुरू हो गया। लगातार 9 वर्ष तक बातचीत चलने के बाद वर्ष 1960 में विश्व बैंक के मध्यस्थता से दोनों देशों के बीच में सिंधु नदी प्रणाली से पानी के बंटवारे को लेकर एक समझौता हुआ। इस संधि में सिंधु जल प्रणाली की छह नदियों को दो हिस्सों में बांटा गया। जिनमें से सतलुज, रावी और ब्यास को पूर्वी नदियां कहा गया और ये पूरी तरह से भारत को दे दी गईं जबकि चिनाब, झेलम और सिंधु नदियों को पश्चिमी नदियां कहा गया और इनका नियंत्रण पाकिस्तान को दे दिया गया। सिंधु जल संधि के अनुसार इन नदियों का 20 प्रतिशत पानी भारत रोक सकता है। भारत ने शांति के बदले 80 फ़ीसदी पानी पाकिस्तान को इस्तेमाल करने दिया। इस समझौते के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच एक स्थाई आयोग का गठन किया गया जिसे सिंधु आयोग कहा जाता है । संधि के तहत भारत को पाकिस्तान के साथ हाइड्रोलॉजिकल डेटा शेयर करना जरूरी है । यह डेटा बाढ़ के पूर्वानुमान, सिंचाई, हाइड्रो पावर और पेयजल से जुड़ी योजना बनाने के लिए महत्वपूर्ण है।
पहलगांव हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करने की घोषणा कर दी है। किसी भी समझौते की पहली निहित शर्त यही होती है कि दोनों पक्षों में संबंध सौहार्दपूर्ण रहें। पाकिस्तान की आबादी के करीब 237 मिलियन लोग इस प्रणाली के अंतर्गत मिलने वाले पानी पर निर्भर करते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान ने नदियों पर कई हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट भी बनाए हैं । पाकिस्तान की जीडीपी में कृषि का एक महत्वपूर्ण योगदान है । सिंधु जल संधि के स्थगित किए जाने के बाद पाकिस्तान का क्षेत्र सीधे तौर पर प्रभावित हो सकता है। सिंचाई के लिए पानी न मिल पाने की वजह से फसलें तैयार नहीं हो पाएंगी। जिसके चलते पाकिस्तान में भुखमरी जैसे हालात पैदा हो सकते हैं । चूँकि सिंधु नदी भारत से होकर पाकिस्तान में प्रवेश करती हैं इसलिए भारत इस नदी का पानी रोक सकता है । सिंधु नदी का पानी भारत के हाथ में वाटर बम है । वाटर बम का मतलब है कि जहां ऊपरी देश अस्थाई रूप से पानी को रोक सकता है और फिर बिना किसी चेतावनी के अचानक छोड़ सकता है जिसकी वजह से निचले हिस्से में भारी नुकसान हो सकता है । अब भारत बिना किसी पूर्व चेतावनी के अपने जलाशयों से गाद बहा सकता है जिससे पाकिस्तान के हिस्से की तरफ नुकसान होगा । सिंधु जैसी हिमालयी नदियों में गाद का स्तर बहुत अधिक होता है । ये बांध और बैराजों में जल्दी ही जमा हो जाती है । इस गाद के अचानक बह जाने से नीचे की ओर काफी नुकसान हो सकता है । लेकिन सिंधु नदी के पानी को रोकना इतना आसान भी नहीं है । भारत को इस नदी के पानी को रोकने के लिए दीर्घ कालिक उपाय करने होंगे ।

————–
लेखक परिचय : लेखक शिक्षाविद रघुभूषण लाल गुप्ता पूर्व प्राचार्य है और इस समय एडवोकेट के रूप में प्रैक्टिस कर रहा है ।
