
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
अम्बाला : हरियाणा सूचना आयोग के पूर्व आयुक्त एवं कांग्रेस नेता अशोक कुमार मैहता ने कहा कि सूरजमुखी की सरकारी खरीद शुरू न होने से किसान परेशान हैं। अब हर किसान को यही आस है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने पर ही उनकी तमाम समस्याएं दूर हो पाएंगी, क्योंकि वर्तमान भाजपा सरकार तो वैसे भी कुछ ही दिनों की मेहमान रह गई है।
अशोक मैहता ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक तो पहले ही सूरजमुखी के लिए केवल 6700 रुपए का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करके किसानों के साथ अन्याय किया और जो मूल्य घोषित किया, अब उस पर भी किसानों की फसल की खरीद नहीं की जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्ष का इतिहास रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की चाहे केंद्र सरकार हो या हरियाणा सरकार, इन दोनों ही सरकारों ने किसान विरोधी नीतियां बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इन सरकारों की किसान विरोधी नीतियों और किसानों पर अत्याचार करने की घटनाओं की फेहरिस्त बहुत लम्बी है और राज्य का हर व्यक्ति इससे भली-भांति परिचित है।
अशोक मैहता ने कहा कि भाजपा सरकार से परेशान हरियाणावासियों ने अब कांग्रेस सरकार की स्थापना करने का मन बना लिया है। इसकी पहली झलक तो 4 जून को लोकसभा चुनावों के परिणाम के साथ देखने को मिल जाएगी, जब केंद्र में कांग्रेस सरकार का गठन होगा। इसके कुछ दिन माह बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा फिर से मुख्यमंत्री के तौर पर हरियाणा की कमान संभालेंगे
