
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com चण्डीगढ़ आम आदमी पार्टी ने, अयोध्या में भगवान श्रीराम लल्ला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर एक साथ हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। इस दौरान चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा शामिल हुए। उनके साथ आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान श्री राम के सबसे बड़े भक्त हनुमान की आराधना की। उन्होंने विद्वान पंडितों के साथ विधिवत सुंदरकांड का पाठ किया और प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के साथ देश की तरक्की के लिए कामना और प्रार्थना की। इस भव्य सुंदरकांड का समापन यज्ञ और हनुमान जी की आरती के साथ हुआ।
जानकारी देते हुए पंचकूला जिला अध्यक्ष रंजीत उप्पल ने बताया कि सभी हरियाणा वासियों की
सुख-शांति और तरक्की के लिए पूरे हरियाणा के सभी जिलों में सुंदरकांड का पाठ करवा रही है।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण और श्रीराम विराजमान होने से पूरे देश के श्रीराम भक्तों में खुशी की लहर है।
हरियाणा के सभी जिलों में आम आदमी पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि हमने सभी को इस कार्यक्रम में आने के लिए न्योता दिया था। इसमें हिंदू समाज के साथ-साथ सभी धर्मों से जुड़े लोग भी भव्य सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम में शामिल हुए।
