
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan20224@gmail.com
चण्डीगढ़
इस समय पूरे हरियाणा में कोने-कोने से ऐसी सूचनाएं आ रही है कि लोग यह मान चुके हैं कि भारतीय जनता पार्टी 2024 में लोकसभा के चुनाव के साथ ही हरियाणा विधानसभा के चुनाव कराने की तैयारी में है। भाजपा के साथ दूसरे राजनीतिक दलों के नेता भी अब पॉलिटिकल एक्सरसाइज करने में लग गए हैं। सब यह भी मानकर चल रहे हैं कि जहां भारतीय जनता पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी वहीं उसका मुकाबला कांग्रेस से ही रहेगा। इस सीधे मुकाबले में पहली बार राज्य के क्षेत्रीय दलों को एक एक सीट पर जीत हासिल करने के लिए संघर्ष देखा जा सकता है।। यह अलग बात है कि इस बार भी लगभग एक दर्जन निर्दलीय विधायक विधानसभा पहुंच सकते हैं। राज्य के जितने निर्दलीय विधायक हैं सबको एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ही भाग्य आजमाना पड़ सकता है । उन में से अधिकांश को भाजपा या कांग्रेस की टिकट मिलने के आसार बहुत कम है । इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से जुड़े कुछ लोग टिकट न मिलने की स्थिति में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ सकते हैं। कुल मिलाकर हरियाणा में अगला चुनाव बहुत रोचक होगा जहां भाजपा लोकसभा की 10 की 10 सीट जीतने का दावा कर रही है वहीं भारतीय जनता पार्टी विधानसभा के उम्मीदवारों के चयन को लेकर बहुत गंभीर है जो मौजूदा विधायकों के टिकट काटने और सांसदों को विधानसभा का चुनाव लड़ने तक की योजना पर काम कर रही है। ऐसे में कांग्रेस के नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आगामी चुनाव में अपनी लोकप्रियता और राजनीतिक कौशल का परिचय देने और हरियाणा में सरकार बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं ।तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद कांग्रेस पर ब्रेक तो लगे हैं परंतु भूपेंद्र हुड्डा यह मानकर चल रहे होंगे हैं कि सरकार तो कांग्रेस की ही बनेगी।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने सहयोगी और समर्थकों के लिए हमेशा निर्णायक लड़ाई लड़ते हैं और उनके हितों की सुरक्षा करने में कोई कोताही नही बरतते।
पिछले दिनों उन्होंने समालखा विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को एक खास संदेश देने का काम किया है और संदेश यह है कि एक कानूनी मामले में उलझे समालखा के कांग्रेस के विधायक धर्म सिंह छोक्कर के प्रति उनका दृष्टिकोण अब भी पूरी तरह से सकारात्मक है।यह कि धर्म सिंह छोकर को ही कांग्रेस की टिकट मिलेगी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनकी जीत को लेकर कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। इस बात से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे पूर्व विधायक रविंद्र मछरोली और भाजपा के संभावित उम्मीदवार संजय छोक्कर को यह समझ लेना चाहिए कि उनकी चुनाव की डगर कितनी कठिन होने वाली है। धर्म सिंह छोकर चुनाव जीत पाएंगे या नहीं यह तो अभी नहीं कहा जा सकता लेकिन समालखा का जो इतिहास है उसे देखते हुए उन्हें हार का खतरा भी हो सकता है। क्योंकि इतिहास बताता है कि समालखा में कोई भी नेता दो बार से ज्यादा विधायक नहीं बन पाया। धर्म सिंह भी दो बार बन चुके हैं ।यदि वे तीसरी बार भी जीते तो यह एक रिकॉर्ड होगा और रिवायत भी बदलेगी। धर्म सिंह छोकर के समर्थक दो बातों को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है कि समालखा में अगले विधानसभा चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रभाव में धर्म सिंह छोकर को जाटों में बहुमत की वोट मिलेंगी और गुर्जर मतदाता धर्म सिंह के कारण कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेंगे। धर्म सिंह की चुनाव में जीत का यही आधार रहा है। समालखा विधानसभा क्षेत्र का अगला चुनाव बहुत रोचक रहने वाला है यहां वही उम्मीदवार चुनाव जीत पाएगा जिसे गुर्जर जाट ब्राह्मण और मुस्लिम वोट के अलावा शहरी मतदाताओं से समर्थन प्राप्त होगा। मतलब जिसे कम ज्यादा वोट सभी वर्गों में मिलेंगे वही जीतेगा। का कारण यह है कि आगामी चुनाव में इस बात की संभावनाएं बन रही है कि क्षेत्र में जाट गुर्जर और मुस्लिम मतदाताओं के सभी तीन ब्लाकों में अलग-अलग उम्मीदवारों के कारण डेंट होने के हालात बन रहे हैं।
अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा के संकेत वाली बात करते हैं। पिछले दिनों भूपेंद्र सिंह हुड्डा कुछ अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ धर्म सिंह छोकर के समालखा स्थित कार्यालय पर पहुंचे वहां जलपान किया यही जलपान संकेत है। लोग कहते हैं कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा वहां बिना रुके निकल जाते तो और बात थी और अब और बात है। जिससे साफ है कि धर्म सिंह छोकर के साथ कैसे भी हालत बीत रहे हो इससे भूपेंद्र सिंह हुड्डा न विचलित हैं न उनसे दूर है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस फैसले से धर्म सिंह छोकर का पक्ष काफी मजबूत हुआ है इसमें कोई संदेह नहीं है।
