
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com चंडीगढ़ लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के संस्थापक और पूर्व सांसद राजकुमार सैनी अपना अगला विधानसभा का चुनाव फिर से गोहाना विधानसभा क्षेत्र से लड़ने की तैयारी में नजर आ रहे हैं। श्री सैनी ने 2019 में गोहाना विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा तो यह चुनाव बहुत रोचक हो गया था ।वह खुद चुनाव नहीं जीत पाए लेकिन इस चुनाव में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार की कमर तोड़ने का काम किया और इसका प्रत्यक्ष लाभ कांग्रेस के उम्मीदवार को मिला। आज भी लोग कहते हैं कि राजकुमार सैनी मैदान में नहीं होते तो भारतीय जनता पार्टी पहली बार ही सही गोहाना विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलाने में सफल हो सकती थी। यद्यपि यह माना जा रहा है कि भाजपा से ही सांसद रहे राजकुमार सैनी अब खुद चुनाव लड़ कर या अपने उम्मीदवार खड़े करके भारतीय जनता पार्टी के पिछड़े वर्ग के वोट बैंक में बड़ी सेंध लगाकर उसके उम्मीदवारों को हराने में निर्णायक भूमिका अदा करते हैं लेकिन 2019 के लोकसभा के चुनाव के समय घोषणा के बावजूद चुनाव न लड़ कर श्री सैनी ने भाजपा के संसदीय उम्मीदवार रमेश चंद्र कौशिक की जीत का मार्ग प्रशस्त किया था ।इस चुनाव में नामांकन के लिए सोनीपत पहुंचकर भी पर्चा दाखिल नहीं कर पाए श्री सैनी पर तरह-तरह के आरोप लगे थे। अब स्थिति यह है कि राजकुमार सैनी अगला विधानसभा का चुनाव भी कहीं और से नहीं बल्कि गोहाना से ही लड़ने की तैयारी में नजर आ रहे हैं ।उन्होंने पार्टी का स्थापना दिवस गोहाना में ही मनाया। श्री सैनी के पास गोहाना एकमात्र ऐसा विधानसभा क्षेत्र है जहां उन्हें चुनाव में जीत के आसार नजर आते हैं ।उनके समर्थक आज भी यह शिकायत करते हैं कि 2019 के चुनाव में बड़े गांवों में उनके मतदाताओं को मर्जी से वोट डालने का मौका नहीं मिल पाया था।
एक बात अभी से तय लग रही है कि भारतीय जनता पार्टी गोहाना विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर जाट प्रत्याशी को मैदान में उतारने का फैसला लेने वाली है ।भाजपा के नेताओं को ऐसे जाट उम्मीदवार की तलाश है जो गोहाना शहर में असर रखता हो और गैर जाट मतदाताओं में स्वीकार्य हो। पार्टी गोहाना में पिछड़े वर्ग के प्रतिनिधि के रूप में मौजूदा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को 2014 में आजमा चुकी है पार्टी के पास गोहाना में पिछड़े वर्ग के नेता के नाम पर कोई मजबूत चेहरा और नहीं है।
राजकुमार सैनी और उनकी पार्टी को लेकर गोहाना शहर में आज यह स्थिति है कि अगले चुनाव में उन्हें पहले से भी आधी वोट न मिल पाए। लेकिन इस बात की संभावनाएं खूब है कि श्री सैनी एक बार फिर गोहाना में ही किस्मत आजमाने आएंगे। 2019 के चुनाव में कांग्रेस के जगबीर सिंह मलिक को 39531 लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के राजकुमार सैनी को 35379 भारतीय जनता पार्टी के तीर्थ राणा को 26972 तथा आईएनएलडी के ओमप्रकाश गोयल को 779 वोट प्राप्त हुए थे।
