
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com चंडीगढ़ राजनीति एक खेल है। कोई इसे कबड्डी की तरह खेलता है कोई कुश्ती की तरह कुछ क्रिकेट की तरह तो कुछ शतरंज के खेल की तरह। जैसे कबड्डी में रेड करने वाले खिलाड़ी को कभी आक्रामक होना पड़ता है कभी रक्षात्मक । ऐसी ही स्थिति कई बार नेताओं के साथ होती है और वह इसी अंदाज में राजनीति करते नजर आते हैं।
पार्टी राष्ट्रीय हो या क्षेत्रीय , नेता दबाव की राजनीति का भी सहारा लेते हैं परंतु ऐसा विपरीत परिस्थितियों में तब होता है जब आर पार का फैसला लेने का वक्त आ जाता है। स्वर्गीय चौधरी भजनलाल को 1986 में मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया था। राजीव गांधी पूर्व मुख्यमंत्री और उस समय के केंद्रीय मंत्री चौधरी बंसीलाल के पुत्र चौधरी सुरेंद्र सिंह को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया था परंतु सुरेंद्र सिंह ने राजीव गांधी से कहा कि उन्हें नहीं बल्कि उनके पिता चौधरी बंसीलाल को बना दो ! चौधरी भजनलाल को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया और बाद में सुरेंद्र सिंह और चौधरी भजनलाल को राज्यसभा में भेज दिया गया !
उस समय हरियाणा में चौधरी देवीलाल के नेतृत्व में न्याय युद्ध चल रहा था! मुख्यमंत्री के पद से हटाए गए चौधरी भजनलाल दिल्ली में ठहरे चौधरी देवीलाल से मिलने पहुंच गए। बताते हैं कि चौधरी भजनलाल और यह खबर अखबारों में छपवा दी ! इसी का असर हुआ कि राजीव गांधी ने भजनलाल को बुलाकर केंद्र में वन और पर्यावरण मंत्री बना दिया।
2019 के चुनाव से पहले कांग्रेस के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर से खफा थे और उन्हें बदलने की मांग कर रहे थे। कांग्रेस के नेता उनकी बातों को तवज्जो नहीं दे रहे थे उन्होंने रोहतक में बिना कांग्रेस के झंडों के एक बड़ी रैली करके कांग्रेस को चुनौती दे डाली और कांग्रेस के नेताओं को डॉक्टर अशोक तंवर को हटाने को मजबूर होना पड़ गया। उनकी जगह कुमारी शैलजा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। पिछले दिनों भाजपा की नेत्री और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने उदयपुर एयरपोर्ट पर असम के कांग्रेस के नेता गौरव गोगोई से मुलाकात की और बताया गया कि इन दोनों में राजनीतिक चर्चा भी हुई। लगता है वसुंधरा राजे सिंधिया ने भी यही फार्मूला अपना लिया है!
