
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
dakshdarpan2022@gmail.com
करनाल। नूंह में हुई हिंसा के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेवार ठहराते हुए करनाल कांगे्रस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने कहा कि सीएम जनता को जवाब दें। उन्होंने कहा कि सीएम स्वयं को बेगुनाह साबित करने में लगे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि सीएम कमजोर हैं, अधिकारी उनके सुनते नहीं है। सीएम की नाकामी का खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ा है। हिंसा में करोड़ों रुपए की सम्पत्ति स्वाह हो गई। कई लोगों की जान चली गई। भाईचारा संकट में आ गया है। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि सरकार का खुफिया तंत्र कहां सो रहा था। हजारों लोगों जान जोखिम में डाल दी गई।
त्रिलोचन सिंह ने कहा कि गृहमंत्री अनिल विज कहते हैं कि नुकसान की भरपाई दंगाइयों से करवाएंगे। जिन लोगों की जान चली गई उनके परिवारों की भरपाई कौन करेगा। विज बयानबाजी करते हैं, जमीनी स्तर पर कोई कार्यवाही नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि हिंसा के दोषी लोगों को चुन-चुन कर गिरफ्तार किया जाए। सख्त से सख्त सजा दी जाए। जो भी दोषी है उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि हम नहीं चाहते कि 2024 चुनाव का मुद्दा साम्प्रदायिक दंगे हों। सभी राजनीतिक दलों को मिलकर भाईचारा कायम रखने के प्रयास करने चाहिएं। लोग भी शांति से काम लें।
