
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला। बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों एवं भावनात्मक कल्याण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एडीआर सेंटर, डीएलएसए कॉम्प्लेक्स में शिक्षकों के लिए पॉक्सो (POCSO) अधिनियम पर विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम डीएलएसए के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) श्री अजय घनघस के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें प्रसिद्ध प्रशिक्षक, मोटिवेशनल स्पीकर एवं लाइफ कोच प्रियंका पुनिया ने शिक्षकों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

प्रियंका पुनिया ने शिक्षकों को पॉक्सो अधिनियम 2012 के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के यौन शोषण की पहचान, रोकथाम, अनिवार्य रिपोर्टिंग तथा विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण बनाने के कानूनी पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल कानून तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए शिक्षकों की संवेदनशीलता, सतर्कता और जिम्मेदारी भी बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षण का विशेष आकर्षण भावनात्मक बुद्धिमत्ता (Emotional Intelligence) का विषय रहा। प्रियंका पुनिया ने बताया कि एक शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करवाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि बच्चों के मनोविज्ञान, भावनाओं और व्यवहार को समझना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। प्रत्येक बच्चे के व्यवहार के पीछे कोई न कोई भावना या कारण हो सकता है। बच्चे का अचानक चुप हो जाना, डरना, गुस्सा करना, अकेले रहना, आत्मविश्वास में कमी या पढ़ाई में रुचि न लेना किसी भावनात्मक परेशानी या असुरक्षा का संकेत हो सकता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को बच्चों की बात धैर्यपूर्वक सुनना, उनके व्यवहार को समझना, बिना किसी पूर्वाग्रह के उनकी भावनाओं का सम्मान करना और उन्हें अपनी समस्याएं साझा करने के लिए सुरक्षित माहौल देना चाहिए। एक भावनात्मक रूप से बुद्धिमान शिक्षक बच्चे के चेहरे पर छिपी परेशानी को पहचान सकता है और समय रहते उसे उचित सहयोग दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से समझाया कि यदि कोई बच्चा अपने साथ हुए गलत व्यवहार या शोषण के बारे में बताता है, तो उसे डांटना, दोषी ठहराना या बार-बार सवाल पूछना नहीं चाहिए। उसकी बात विश्वास के साथ सुनकर उसे आश्वस्त करना और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करना आवश्यक है।
प्रियंका पुनिया ने कहा कि एक सुरक्षित विद्यालय वही है, जहां बच्चे केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी सुरक्षित महसूस करें। शिक्षकों की संवेदनशीलता, सहानुभूति और भावनात्मक समझ बच्चों को भयमुक्त वातावरण देने तथा उनके सुरक्षित भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को यह संदेश दिया गया कि पॉक्सो कानून की जानकारी के साथ-साथ भावनात्मक बुद्धिमत्ता को अपनाना भी आवश्यक है, क्योंकि जागरूक और संवेदनशील शिक्षक ही सुरक्षित बचपन की मजबूत नींव रख सकते हैं।
