
शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी-इंद्री में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत आज राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सात हरियाणा बटालियन एनसीसी द्वारा मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेटों तथा महाविद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। मानव श्रृंखला में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासन एवं एकजुटता का परिचय दिया। इस दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशप्रेम का संदेश दिया गया। एनसीसी अधिकारी डॉ. कैप्टन रणबीर सिंह तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीना सैनी, एवं डॉ. बालऋषि ने मानव श्रृंखला के आयोजन में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अनिला ढिल्लों, डॉ. अनिता, डॉ. निर्मल एवं डॉ. रजनी तथा सात हरियाणा बटालियन से हवलदार इमरान उपस्थित रहे।मानव श्रृंखला के माध्यम से महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और अधिक मजबूत किया।
