
@ दक्ष दर्पण . नई दिल्ली
दिल्ली की नवगठित भाजपा सरकार ने दिल्ली में पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए व्यवस्था की है कि दिल्ली क्षेत्र में 15 वर्ष पुराने वाहनों को डीजल और पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इसकी घोषणा करते हुए दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि आगामी 1 अप्रैल से 15 साल पुराने वाहनों को पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर रोक लग जाएगी।
इस आदेश के तहत, 15 साल से अधिक पुराने वाहनों को दिल्ली में पेट्रोल या डीजल खरीदने की अनुमति नहीं होगी।
सरकार ने साफ कर दिया है कि 15 साल से पुराने वाहनों को अगर सड़कों पर चलाते पकड़ा गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कदम से वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली-एनसीआर में 10 साल पुराने डीजल वाहनों और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों के उपयोग पर पहले से प्रतिबंध है, लेकिन इसके उल्लंघन के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या बनी हुई है। खासकर सर्दियों के मौसम में वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर तक पहुंच जाती है। इसके चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत होती है और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ जाती हैं। दिल्ली सरकार के इस फैसले से दिल्ली में पुराने वाहनों की कीमतें बहुत डाउन चली जाएगी। इसका लाभ आसपास के प्रदेशों के परिवहन व्यापारी निश्चित तौर पर उठाएंगे, बेशक उन्हें फिट परंतु पुरानी गाड़ियां दिल्ली से टोचन करके ले जानी पड़े।
