दक्ष दर्पण समाचार सेवा
फतेहाबाद
फतेहाबाद के डीएसपी हेड क्वार्टर संजय बिश्नोई के रीडर सब इंस्पेक्टर दर्शन सिंह के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो के हिसार थाने में केस दर्ज किया गया है। रीडर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
रीडर की पिछले दिनों एक ऑडियो वायरल हुई थी, जिसमें जिले के भूना खंड के गांव ढाणी भोजराज में इंटरकास्ट लव मैरिज मामले में अवैध वसूली का मामला उजागर हुआ था। इस मामले में डीएसपी संजय बिश्नोई के खिलाफ भी 10 लाख रुपए की अवैध वसूली के आरोप लगाकर एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी गई थी। रीडर पर केस दर्ज होने के बाद अब डीएसपी की भी मुश्किलें बढ़ेंगी। केस दर्ज होने की पुष्टि एसीबी के डीएसपी जुगल किशोर ने की है।
क्या था पूरा मामला
दरअसल, 31 जनवरी 2025 को गांव ढाणी भोजराज निवासी युवक-युवती घर से भाग गए थे। दोनों ने 4 फरवरी को अंतरजातीय विवाह कर लिया। युवक एससी कैटेगरी से जबकि युवती जनरल कैटेगरी से है। इस मामले में पुलिस ने पहले तीन दुकानदारों को पकड़ा। इसके बाद दुकानदारों की गिरफ्तारी से नाराज लोगों ने रोड जाम कर दिया गया।
पुलिस ने मामले में 15 फरवरी को गांव के 9 लोगों को नामजद करते हुए 50 अन्य के खिलाफ भी एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। पहले इस मामले की जांच डीएसपी जयपाल सिंह को दी गई, लेकिन बाद में जांच अधिकारी डीएसपी संजय बिश्नोई को बना दिया गया।
