
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2022@gmail.com।
जींद , 7 मार्च :–अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी एवं वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष अलका लाम्बा के संदेश को घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से भारत जोडो़ न्याय यात्रा के दौरान सफीदों की पूर्व नगर पार्षद एवं महिला कांग्रेस ग्रामीण की जिलाध्यक्ष सुनीता चन्दन ने सफीदों क्षेत्र का दौरा किया।

उन्होंनें घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों का व्याख्यान किया और विशेषकर युवा वर्ग व महिलाओं को पम्पलेट बांटकर कांग्रेस से जुड़ने का आह्वान किया। महिला नेत्री सुनीता चन्दन ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोडो़ यात्रा अभियान चलाये हुए हैं और इस न्याय यात्रा के उत्साहवर्धक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंनें दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सहित इण्डिया गठबंधन हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेगा और आगामी विधानसभा चुनाव में भी हरियाणा में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनेगी। सफीदों की महिला नेत्री सुनीता चन्दन ने कहा कि बीजेपी गठबंधन सरकार देश व प्रदेश में जनविरोधी फैसले ले रही है जिनके कारण आज हर वर्ग की जनता परेशान हो चुकी है।

उन्होंनें कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी नम्बर वन पर है। मंहगाई, भ्रष्टाचार व अपराध चरम सीमा पर हैं। किसान, व्यापारी, मजदूर व गरीब तबके के लोग एवं खासकर महिलाएं इस सरकार की कार्यप्रणाली से बेहद दु:खी हैं और वे विकल्प के तौर पर इण्डिया गठबंधन व कांग्रेस पार्टी की ओर देख रहे हैं। उन्होंनें कहा कि कांग्रेस पार्टी 36 बिरादरी की जनहितैषी पार्टी है और इस पार्टी में हर वर्ग के हित सुरक्षित हैं। इस मौके पर उन्होंनें भारत जोडो़ यात्रा एवं कांग्रेस से जुड़ने की शपथ भी दिलवाई।